Siwan News : जिलाधिकारी विजय प्रकाश मीणा ने बुधवार को नहर, जल निस्सरण, लघु सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण प्रमंडल के तकनीकी पदाधिकारियों के साथ बैठक कर सिंचाई व्यवस्था और बाढ़ नियंत्रण कार्यों की समीक्षा की. उन्होंने योजनाओं की नियमित निगरानी और समय पर गुणवत्तापूर्ण काम पूरा करने का निर्देश दिया.
हर आउटलेट का होगा भौतिक सत्यापन
डीएम ने सारण नहर प्रमंडल सीवान, मैरवा और महाराजगंज के कार्यपालक अभियंताओं को मुख्य व शाखा नहरों के सभी आउटलेट का स्थल निरीक्षण करने का निर्देश दिया. अधिकारियों को यह भी जांचना होगा कि टेल एंड तक पर्याप्त पानी पहुंच रहा है या नहीं.
कटाव स्थलों पर तत्काल कार्रवाई का निर्देश
बाढ़ नियंत्रण प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता को सभी कटाव स्थलों का निरीक्षण कर स्थिति का आकलन करने और जरूरत के अनुसार निरोधात्मक व सुरक्षात्मक कार्रवाई करने को कहा गया.
पूर्ण नलकूप किसानों को सौंपने का आदेश
लघु सिंचाई प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता को पूर्ण हो चुके नलकूप जल्द किसानों और ग्रामीणों को हस्तांतरित करने तथा उनके सुचारू संचालन की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया. बैठक में जिला योजना पदाधिकारी समेत संबंधित तकनीकी विभागों के कार्यपालक अभियंता मौजूद रहे.
