Siwan News : जीरादेई के आदर्श राजकीय मध्य विद्यालय की शिक्षिका वीनस दीक्षित को राजकीय शिक्षक पुरस्कार-2026 मिलने पर शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने उनके कार्यों की सराहना की है. जिला शिक्षा पदाधिकारी राघवेंद्र प्रताप सिंह उनके आवास पहुंचे और पुरस्कार मिलने पर बधाई दी. वहीं, जीरादेई के प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी मुरारी कुमार ने भी उनसे मुलाकात कर शुभकामनाएं दीं.
शिक्षक दिवस पर शिक्षा मंत्री ने किया सम्मानित
वीनस दीक्षित को शिक्षक दिवस के अवसर पर पांच सितंबर को पटना के श्रीकृष्ण मेमोरियल हॉल में आयोजित समारोह में शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने राजकीय शिक्षक पुरस्कार-2026 से सम्मानित किया था. सम्मान मिलने के बाद जिले के शिक्षा जगत में खुशी का माहौल है.
डीईओ ने शिक्षिका के कार्यों को बताया प्रेरणादायी
डीईओ राघवेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि वीनस दीक्षित का शिक्षण कार्य अन्य शिक्षकों के लिए प्रेरणादायी है. उन्होंने विद्यालय में बच्चों के लिए सीखने का अनुकूल वातावरण तैयार करने के साथ नवाचार आधारित शिक्षण को बढ़ावा देने में उल्लेखनीय कार्य किया है. उनके प्रयासों से विद्यालय में बच्चों का ठहराव भी बेहतर हुआ है.
सीमित संसाधनों में रचनात्मक तरीके से शिक्षा पर जोर
बीईओ मुरारी कुमार ने कहा कि शिक्षक का वास्तविक सम्मान विद्यार्थियों की उपलब्धि और विद्यालय में होने वाले सकारात्मक बदलाव से होता है. वीनस दीक्षित ने साबित किया है कि सीमित संसाधनों में भी रचनात्मक सोच के माध्यम से शिक्षा को प्रभावी और रोचक बनाया जा सकता है.
‘कबाड़ से जुगाड़’ और डिजिटल संसाधनों का किया उपयोग
शिक्षिका ने शिक्षण कार्य में ‘कबाड़ से जुगाड़’, मिट्टी के खिलौनों और डिजिटल संसाधनों का उपयोग कर बच्चों को गतिविधि आधारित सीखने से जोड़ने का प्रयास किया है. दृष्टिबाधित बालिकाओं के प्रति उनकी संवेदनशीलता भी उनके कार्यों की विशेष पहचान बनी है.
अन्य शिक्षकों को भी प्रेरित करने की उम्मीद
डीईओ और बीईओ की ओर से की गयी मुलाकात को शिक्षकों के प्रति विभागीय सम्मान और प्रोत्साहन के सकारात्मक संदेश के रूप में देखा जा रहा है. अधिकारियों ने उम्मीद जतायी कि वीनस दीक्षित के नवाचार और गुणवत्तापूर्ण शिक्षण से जिले के अन्य शिक्षक भी प्रेरित होंगे.
