Siwan News: मैरवा थाना क्षेत्र के विजयीपुर रेलवे ट्रैक पर सोमवार की अहले सुबह एक अज्ञात युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. रेलवे ट्रैक के किनारे शव मिलने की सूचना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई.
ग्रामीणों के अनुसार, सुबह शौच के लिए निकले कुछ लोगों ने रेलवे ट्रैक के पास युवक का शव देखा. इसके बाद इसकी सूचना स्थानीय पूर्व मुखिया हरेंद्र पटेल को दी गई. उन्होंने तत्काल मैरवा थाना पुलिस को घटना की जानकारी दी.
सूचना मिलते ही एएसआई संदीप कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सीवान सदर अस्पताल भेज दिया. पुलिस ने घटनास्थल की जांच के दौरान शव के पास से उत्तर प्रदेश का एक आधार कार्ड और पैन कार्ड बरामद किया.
दस्तावेज मिले, लेकिन नहीं हुई मृतक की पहचान
शुरुआत में पुलिस को आशंका थी कि बरामद आधार कार्ड और पैन कार्ड मृतक के ही हो सकते हैं. लेकिन दस्तावेज में लगी तस्वीर का मिलान करने पर पता चला कि उसमें दर्ज व्यक्ति और रेलवे ट्रैक पर मिले युवक का चेहरा अलग-अलग है.
इसके बाद पुलिस ने दस्तावेजों के आधार पर मृतक की पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन अब तक कोई सफलता नहीं मिली है. वहीं किसी परिजन या परिचित ने भी शव की पहचान के लिए पुलिस से संपर्क नहीं किया है.
शवगृह में रखा गया शव, जांच में जुटी पुलिस
मैरवा थानाध्यक्ष राहुल कुमार ने बताया कि फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है. शव को सीवान सदर अस्पताल के शवगृह में सुरक्षित रखा गया है. पुलिस युवक की पहचान कराने के साथ-साथ रेलवे ट्रैक पर शव मिलने के कारणों की भी जांच कर रही है.
पुलिस आसपास के थाना क्षेत्रों में भी सूचना भेजकर मृतक की पहचान कराने का प्रयास कर रही है. घटना को लेकर पुलिस सभी संभावित बिंदुओं पर जांच कर रही है.
