सीवान में 75 हजार छात्रों का U-DISE डेटा गायब, शिक्षा विभाग ने प्रविष्टि पूरी करने का दिया निर्देश

बिहार शिक्षा परियोजना मिशन सीवान ने यू-डायस 2026-27 में छूटे हुए छात्रों की प्रविष्टि पर सख्ती दिखाई है. करीब 75 हजार छात्रों का डेटा अपडेट न होने से विभाग चिंतित है. जिला कार्यक्रम पदाधिकारी ने जल्द से जल्द शत-प्रतिशत प्रविष्टि सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया है.

बिहार शिक्षा परियोजना मिशन सीवान ने यू-डायस (U-DISE) 2026-27 में छूटे हुए नामांकित छात्र-छात्राओं की प्रविष्टि को लेकर सख्ती दिखाई है. जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (प्रारंभिक शिक्षा एवं सर्व शिक्षा अभियान) सैयद तारिक सज्जाद ने जिले के सभी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारियों को पत्र जारी कर जल्द से जल्द छात्रों का डेटा अपडेट कराने का निर्देश दिया है.

75 हजार छात्रों का डेटा नहीं हुआ अपडेट

जारी पत्र के अनुसार, छात्र-छात्राओं के Student Progression के माध्यम से यू-डायस 2026-27 में डेटा इम्पोर्ट कराने का निर्देश पहले ही दिया गया था. लेकिन अब तक मिले आंकड़ों की समीक्षा में सामने आया है कि वर्ष 2025-26 और 2026-27 के नामांकन आंकड़ों में करीब 75 हजार छात्रों का अंतर है. इससे स्पष्ट है कि बड़ी संख्या में विद्यार्थियों का डेटा अभी तक यू-डायस पोर्टल पर दर्ज नहीं हो पाया है.

कक्षा 6, 9 और 11 में डेटा इम्पोर्ट नहीं होने से बढ़ी परेशानी

विभाग के अनुसार, वर्ष 2025-26 में कई विद्यालयों में कक्षा 5, 8 और 10 टर्मिनल क्लास होने के कारण छात्रों को Left अथवा Drop Box में डाल दिया गया था. बाद में इन छात्रों का कक्षा 6, 9 और 11 में दूसरे विद्यालयों में नामांकन हुआ, लेकिन नए विद्यालयों द्वारा उनका डेटा इम्पोर्ट नहीं किया गया.

समीक्षा में पाया गया कि कक्षा 5 के करीब 14 हजार, कक्षा 8 के करीब 17 हजार और कक्षा 10 के करीब 20 हजार छात्र-छात्राओं का डेटा अगले वर्ग में अपडेट नहीं हुआ है.

430 विद्यालयों में कक्षा एक का नामांकन शून्य

विभाग ने जिले के 430 विद्यालयों में कक्षा एक में शून्य नामांकन दर्ज होने पर भी चिंता जताई है. पत्र में कहा गया है कि संबंधित विद्यालयों को लगातार सूचना दी गई और व्हाट्सएप समूहों के माध्यम से भी जानकारी साझा की गई, लेकिन कई प्रखंडों द्वारा अब तक आवश्यक कार्रवाई नहीं की गई.

लापरवाही पर जिम्मेदारी तय करने की चेतावनी

जिला कार्यक्रम पदाधिकारी ने सभी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे व्यक्तिगत रुचि लेकर सभी विद्यालयों में नामांकित विद्यार्थियों की यू-डायस पर शत-प्रतिशत प्रविष्टि सुनिश्चित कराएं.

उन्होंने स्पष्ट किया है कि बिना किसी वैध कारण के यदि कोई छात्र यू-डायस पोर्टल पर दर्ज नहीं पाया जाता है, तो इसकी जिम्मेदारी संबंधित पदाधिकारियों की होगी.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Manish giri

Published by: Anjani Pandey

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >