सीवान में 1000 से ज्यादा युवाओं ने लिया बड़ा संकल्प, PM मोदी के संदेश के बाद शुरू हुआ विशेष अभियान

Siwan Drug-Free Youth Campaign : सीवान में नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत अभियान का शुभारंभ हुआ। 1000 से अधिक युवाओं ने नशा छोड़ने की शपथ ली, 100 सप्ताह तक चलेगा जनजागरूकता अभियान।

Siwan Drug-Free Youth Campaign : भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के अंतर्गत संचालित माय भारत के 'नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत–संकल्प अभियान' का रविवार को सीवान में शुभारंभ हुआ. कार्यक्रम का सीधा प्रसारण जिले के विभिन्न स्थानों पर किया गया, जहां बड़ी संख्या में युवाओं ने भाग लिया. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्चुअल माध्यम से युवाओं को संबोधित करते हुए नशे से दूर रहने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और विकसित भारत के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया.

वीएम उच्च विद्यालय में हुआ मुख्य कार्यक्रम

जिले का मुख्य कार्यक्रम वी.एम. उच्च विद्यालय सह इंटर कॉलेज, सीवान में आयोजित किया गया. कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला पदाधिकारी विवेक रंजन मैत्रेय थे. उनके साथ उप विकास आयुक्त अमिताभ सिंह, जिला युवा पदाधिकारी दीपंकर सिंह, जिला खेल पदाधिकारी उपेंद्र कुमार यादव, जिला प्रोग्राम पदाधिकारी अभिजीत सिंह, विद्यालय के प्राचार्य राकेश सिंह सहित कई अधिकारी, शिक्षक और गणमान्य लोग मौजूद रहे.

250 से अधिक छात्र-छात्राओं ने निभाई सक्रिय भूमिका

मुख्य कार्यक्रम में 250 से अधिक छात्र-छात्राओं और युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया. माय भारत, सीवान के स्वयंसेवकों दीपा कुमारी, प्रशांत रंजन, अंकित श्रीवास्तव, मुकेश कुमार और जूली कुमारी ने कार्यक्रम के संचालन, जागरूकता गतिविधियों और प्रतिभागियों को अभियान से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई.

डीएम ने युवाओं से नशा मुक्त समाज बनाने की अपील की

जिला पदाधिकारी विवेक रंजन मैत्रेय ने कहा कि नशा युवाओं के भविष्य और समाज दोनों के लिए गंभीर चुनौती है. उन्होंने कहा कि विकसित भारत का सपना तभी साकार होगा, जब युवा शिक्षा, खेल, नवाचार और राष्ट्र निर्माण में अपनी ऊर्जा लगाएंगे. उन्होंने सभी प्रतिभागियों को 'नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत' की शपथ दिलाई और समाज में जनजागरूकता फैलाने का आह्वान किया.

डीडीसी बोले- युवाओं की भागीदारी से ही सफल होगा अभियान

उप विकास आयुक्त अमिताभ सिंह ने कहा कि नशा मुक्त समाज का निर्माण केवल सरकारी प्रयासों से संभव नहीं है. इसमें युवाओं की सक्रिय भागीदारी जरूरी है. उन्होंने युवाओं से अपने परिवार, मित्रों और आसपास के लोगों को भी इस अभियान से जोड़ने की अपील की.

प्रखंडों में भी चले जागरूकता कार्यक्रम

मुख्य कार्यक्रम के अलावा बड़हरिया, नौतन, गोरियाकोठी, भगवानपुर और बसंतपुर सहित जिले के विभिन्न प्रखंडों एवं ग्रामीण क्षेत्रों में भी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए. माय भारत के स्वयंसेवकों ने अलग-अलग स्थानों पर युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों की जानकारी दी और नशा मुक्त समाज बनाने का संकल्प दिलाया. प्रत्येक स्थान पर 100 से अधिक युवाओं ने भागीदारी की.

एक हजार से अधिक युवाओं ने ली नशा मुक्ति की शपथ

जिलेभर में आयोजित कार्यक्रमों में कुल मिलाकर एक हजार से अधिक युवाओं ने नशा मुक्त भारत के निर्माण का संकल्प लिया. कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वर्चुअल संबोधन का प्रसारण भी किया गया. प्रधानमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि यह केवल एक दिन का कार्यक्रम नहीं, बल्कि अगले 100 सप्ताह तक चलने वाला जनआंदोलन है, जिसमें प्रत्येक युवा की भूमिका महत्वपूर्ण होगी.

Also Read : सीवान के 342 साल पुराने इस शिव मंदिर की कहानी जानिए, जहां सावन में उमड़ती है आस्था की भीड़


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By मनीष गिरि

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >