सीवान में उर्वरकों का पर्याप्त भंडार, कृषि विभाग ने किसानों से जरूरत के अनुसार खरीदारी की अपील की

Siwan News : खरीफ मौसम में धान व अन्य फसलों के लिए सीवान जिले में उर्वरकों की उपलब्धता सुनिश्चित है. जिला कृषि पदाधिकारी कार्यालय ने बताया कि किसानों को घबराकर अधिक खरीदारी न करने की सलाह दी गई है, बल्कि आवश्यकतानुसार ही खाद खरीदें.

Siwan News : खरीफ मौसम में धान सहित अन्य फसलों की खेती को देखते हुए जिले में उर्वरकों की उपलब्धता संतोषजनक बनी हुई है. जिला कृषि पदाधिकारी कार्यालय द्वारा 20 जुलाई को जारी उर्वरक उपलब्धता एवं वितरण रिपोर्ट के अनुसार, किसानों की आवश्यकता पूरी करने के लिए विभिन्न प्रकार के रासायनिक उर्वरकों का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है. कृषि विभाग ने किसानों से अपील की है कि वे घबराकर अधिक मात्रा में उर्वरक की खरीदारी न करें, बल्कि आवश्यकता के अनुसार ही खाद खरीदें.

यूरिया का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध

रिपोर्ट के अनुसार खरीफ 2026 सीजन में जिले में यूरिया की आवश्यकता 26,500 मीट्रिक टन निर्धारित की गई है. एक अप्रैल से अब तक 8,935.830 मीट्रिक टन यूरिया प्राप्त हुआ है. पूर्व से उपलब्ध स्टॉक को मिलाकर जिले में कुल 16,219.104 मीट्रिक टन यूरिया उपलब्ध रहा. अब तक 1,943.910 मीट्रिक टन यूरिया का वितरण किया जा चुका है, जबकि 14,275.194 मीट्रिक टन यूरिया अभी भी उपलब्ध है.

डीएपी, एनपीके, पोटाश और एसएसपी का भी पर्याप्त भंडार

जिले में डीएपी की आवश्यकता 4,000 मीट्रिक टन के मुकाबले कुल 3,458.450 मीट्रिक टन उपलब्ध है. इसमें से 597.850 मीट्रिक टन की बिक्री हो चुकी है, जबकि 2,860.600 मीट्रिक टन स्टॉक शेष है. एनपीके उर्वरक की कुल उपलब्धता 3,807.725 मीट्रिक टन है. अब तक 19.350 मीट्रिक टन की बिक्री हुई है और 3,788.375 मीट्रिक टन स्टॉक उपलब्ध है.पोटाश की कुल उपलब्धता 422.500 मीट्रिक टन दर्ज की गई है. इसमें से 308.650 मीट्रिक टन का वितरण किया जा चुका है, जबकि 401.650 मीट्रिक टन स्टॉक उपलब्ध है. एसएसपी उर्वरक की कुल उपलब्धता 826.150 मीट्रिक टन है. इसमें 53.400 मीट्रिक टन की बिक्री के बाद 772.750 मीट्रिक टन उर्वरक उपलब्ध है.

संतुलित मात्रा में उर्वरकों के प्रयोग की सलाह

जिला कृषि पदाधिकारी आलोक कुमार ने बताया कि जिले में उर्वरकों की आपूर्ति लगातार की जा रही है और किसी प्रकार की कमी नहीं है. सभी अधिकृत उर्वरक विक्रेताओं के यहां पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध कराई गई है. किसानों को मिट्टी जांच की अनुशंसा के अनुसार संतुलित मात्रा में उर्वरकों का उपयोग करने की सलाह दी गई है.

कालाबाजारी की शिकायत पर होगी कार्रवाई

कृषि विभाग ने किसानों से अपील की है कि यदि कोई विक्रेता निर्धारित मूल्य से अधिक कीमत वसूलता है या कालाबाजारी करता है तो इसकी सूचना तुरंत कृषि विभाग को दें. ऐसे मामलों में संबंधित विक्रेताओं के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जाएगी.

बढ़ती मांग को देखते हुए पहले से की गई तैयारी

बारिश के बाद जिले में धान की रोपाई में तेजी आई है, जिससे आने वाले दिनों में उर्वरकों की मांग बढ़ने की संभावना है. इसे देखते हुए कृषि विभाग ने पहले से ही पर्याप्त मात्रा में उर्वरकों का भंडारण सुनिश्चित किया है, ताकि किसानों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े.

Also Read : 13 साल पुराने अपहरण मामले के फरार आरोपी के घर कुर्की, गोपालगंज पुलिस की बड़ी कार्रवाई



प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Manish giri

Published by: Yuvraj Ratan

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >