सीवान में 25 अगस्त से विद्यार्थी सहयोग शिविर, 30 दिनों में होगा शिकायतों का समाधान

जिले के सरकारी शैक्षणिक संस्थानों और छात्रावासों में विद्यार्थियों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए 25 अगस्त 2026 से 'विद्यार्थी सहयोग शिविर' का आयोजन किया जाएगा. इन शिविरों में विद्यार्थियों की शैक्षणिक और अन्य शिकायतों का अधिकतम 30 दिनों के भीतर समाधान किया जाएगा.

Student Support Camp: विद्यार्थियों की शैक्षणिक समस्याओं और शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए जिले के सरकारी शैक्षणिक संस्थानों और छात्रावासों में प्रत्येक माह के चतुर्थ मंगलवार को विद्यार्थी सहयोग शिविर का आयोजन किया जायेगा. जिले में इसकी शुरुआत 25 अगस्त 2026 से होगी. चतुर्थ मंगलवार को अवकाश रहने पर अगले कार्य दिवस को शिविर लगाया जायेगा.

कई सरकारी संस्थानों को जारी किया गया निर्देश

इस संबंध में जिला प्रशासन की ओर से सिविल सर्जन, अभियंत्रण महाविद्यालय के प्राचार्य, सभी सरकारी एवं अंगीभूत महाविद्यालयों के प्राचार्य, जिला शिक्षा पदाधिकारी, कल्याण विभाग के पदाधिकारी, नियोजन पदाधिकारी, पॉलीटेक्निक, आइटीआइ, पारा मेडिकल एवं नर्सिंग कॉलेज के अधिकारियों तथा विभिन्न छात्रावासों के अधीक्षक और वार्डेन को निर्देश जारी किया गया है.

पोर्टल के माध्यम से दर्ज होगी शिकायत

शिविर में संबंधित संस्थानों के बोनाफाइड विद्यार्थी विद्यार्थी सहयोग पोर्टल के माध्यम से अपनी शिकायतें दर्ज करा सकेंगे. इसके साथ ही विद्यार्थी शैक्षणिक व्यवस्था में सुधार से संबंधित सुझाव भी दे सकेंगे. इसके लिए शिविर के दिन संस्थानों में कियोस्क की व्यवस्था रहेगी, जहां कंप्यूटर, प्रिंटर और इंटरनेट की सुविधा उपलब्ध करायी जायेगी.

इन समस्याओं की कर सकेंगे शिकायत

विद्यार्थी कक्षाओं का समय पर संचालन नहीं होने, शिक्षकों की अनुपस्थिति, समय पर परीक्षा नहीं होने और परीक्षाफल प्रकाशित नहीं होने की शिकायत कर सकेंगे. इसके अलावा अनधिकृत फीस वसूली, कक्षाओं में बिजली और बैठने की व्यवस्था, प्रयोगशाला, पेयजल, शौचालय, साफ-सफाई और कोचिंग से जुड़ी समस्याओं को भी शिविर में दर्ज कराया जा सकेगा. विधि-व्यवस्था से संबंधित शिकायतें भी दर्ज की जा सकेंगी.

30 दिनों में होगा शिकायतों का निस्तारण

शिविर में प्राप्त शिकायतों का निर्धारित प्रक्रिया और एसओपी के अनुसार अधिकतम 30 दिनों में अंतिम निस्तारण किया जायेगा. संबंधित विभाग की ओर से स्थानीय पदाधिकारी की भी प्रतिनियुक्ति की जायेगी, ताकि विद्यार्थियों की समस्याओं को गंभीरता से दर्ज कर कार्रवाई की जा सके.

बड़े हॉल में होगा शिविर का आयोजन

विद्यार्थियों को शिविर की जानकारी देने के लिए बड़े हॉल में इसका आयोजन किया जायेगा. संस्थानों में बैनर और पोस्टर के माध्यम से विद्यार्थियों को शिविर की तारीख, प्रक्रिया और उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी दी जायेगी.

जिला स्तरीय अधिकारी करेंगे निरीक्षण

जिला स्तरीय पदाधिकारी विद्यार्थी सहयोग शिविर का निरीक्षण करेंगे. शिविर के दिन ही शाम को समेकित प्रतिवेदन संबंधित प्रशासी विभाग को उपलब्ध कराया जायेगा. इससे शिकायतों की निगरानी और कार्रवाई की प्रक्रिया को प्रभावी बनाया जा सकेगा.

असंतुष्ट विद्यार्थी राज्य स्तरीय शिविर में रख सकेंगे बात

शिकायत के निस्तारण से असंतुष्ट विद्यार्थी राज्य स्तरीय सहयोग शिविर में अपनी शिकायत रख सकेंगे. प्रत्येक माह के द्वितीय मंगलवार को मुख्यमंत्री के स्तर पर आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय सहयोग शिविर में विद्यार्थियों की शिकायतों की सुनवाई की जायेगी.

इसे भी पढ़ें: सारण के मशरक में आर्केस्ट्रा डांसर के साथ हैवानियत, सुनसान जगह ले जाकर दुष्कर्म; जांच में जुटी पुलिस


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By मनीष गिरि

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >