'अभी ये झांकी है, असली फिल्म बाकी है' सीवान में पूर्व विधायक अमरजीत कुशवाहा बोले - गरीबों पर बुलडोजर चला तो आंदोलन होगा तेज

भाकपा माले ने 12 सूत्री मांगों को लेकर दो दिवसीय भूख हड़ताल समाप्त की. पूर्व विधायक अमरजीत कुशवाहा ने कहा कि गरीबों पर बुलडोजर चला तो आंदोलन और तेज होगा. उन्होंने होल्डिंग टैक्स, बिजली कटौती और भूमिहीनों को पट्टे देने की मांग की.

भाकपा माले की ओर से प्रखंड परिसर में 12 सूत्री मांगों को लेकर चल रहा दो दिवसीय सामूहिक भूख हड़ताल शुक्रवार को समाप्त हो गया. पूर्व विधायक अमरजीत कुशवाहा ने भूख हड़ताल पर बैठे नेताओं को जूस पिलाकर अनशन समाप्त कराया. इस दौरान माले नेता उपेंद्र साह, योगेंद्र कुशवाहा, इम्तियाज अंसारी समेत अन्य नेताओं ने बीडीओ संदीप सौरभ को 12 सूत्री मांगों का ज्ञापन सौंपा. बीडीओ ने मांग पत्र को जिला स्तर पर भेजने का आश्वासन दिया.

भूख हड़ताल पर बैठे माले नेता अजय चौहान, बृजेश राम, तेज बहादुर कुशवाहा, गीता देवी और शारदा देवी को माले नेता जीशु अंसारी एवं सतेंद्र चौहान ने फूलमाला पहनाकर उनका उत्साह बढ़ाया.

समापन के मौके पर पूर्व विधायक अमरजीत कुशवाहा ने कहा कि सरकार गरीबों पर बुलडोजर चलाना बंद करे. होल्डिंग टैक्स पर रोक लगाने के साथ सीवान जिले, खासकर मैरवा, नौतन और जीरादेई क्षेत्र में बिजली की भारी कटौती पर तत्काल रोक लगायी जाए. उन्होंने गरीबों और भूमिहीनों को बसे हुए जमीन का पर्चा देने तथा सरकार द्वारा किये गये वादे के अनुसार दो लाख रुपये की सहायता राशि तत्काल उपलब्ध कराने की मांग की.

उन्होंने कहा कि सरकार ने मांगों पर गंभीरता से विचार नहीं किया तो छात्रों और नौजवानों के साथ किसान-मजदूर, रोजगार, महंगाई और शिक्षा व्यवस्था के मुद्दों को लेकर चल रहे आंदोलन को और तेज किया जाएगा. उन्होंने दावा किया कि यह आंदोलन सरकार की नीतियों के खिलाफ जनआंदोलन का रूप लेगा.

अमरजीत कुशवाहा ने केंद्र की एनडीए सरकार पर भी निशाना साधते हुए कहा कि सरकार को अहंकार छोड़कर जनता की समस्याओं पर ध्यान देना चाहिए. उन्होंने छात्र-नौजवानों के आंदोलनों का जिक्र करते हुए कहा कि जनता अपने अधिकारों के लिए लगातार आवाज उठा रही है. जनहित की मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा. उन्होंने कहा, ‘अभी ये झांकी है, असली फिल्म बाकी है. आंदोलन जारी रहेगा.’


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By राजन कुमार

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >