प्रदर्शन में हिंसा पर एसपी का बड़ा बयान, 30 से अधिक पुलिसकर्मी घायल, उपद्रवियों पर होगी सख्त कार्रवाई

Siwan News : सीवान में नीट परीक्षा को लेकर हुए प्रदर्शन में हिंसा भड़क उठी, जिसमें 30 से अधिक पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। पुलिस अधीक्षक ने उपद्रवियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी है।

Siwan News : नीट परीक्षा से जुड़े मुद्दों को लेकर शनिवार को आयोजित धरना-प्रदर्शन के दौरान हुई हिंसा के बाद पुलिस अधीक्षक पूरन कुमार झा ने कहा कि जिले में विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने पहले से व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की थी. इसके बावजूद कुछ उपद्रवी तत्वों ने माहौल बिगाड़ने का प्रयास किया. उन्होंने स्पष्ट किया कि कानून-व्यवस्था भंग करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और सभी के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी.

बिना अनुमति सड़क जाम करने का लगाया आरोप

एसपी पूरन कुमार झा ने बताया कि माले, एआईएसए एवं अन्य संगठनों द्वारा प्रस्तावित धरना-प्रदर्शन को देखते हुए पूरे शहर में पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई थी. उन्होंने कहा कि इसी दौरान जेपी चौक पर पूर्व विधायक अमरजीत कुशवाहा, दीपक सम्राट एवं अन्य लोगों द्वारा बिना अनुमति सड़क जाम किया गया. वहां से जुलूस बबुनिया मोड़ तक गया और लौटने के क्रम में बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारी गांधी मैदान पहुंच गए.

गांधी मैदान में विवाद के बाद हुई हिंसा, छोड़े गए आंसू गैस के गोले

एसपी के अनुसार, गांधी मैदान में प्रदर्शनकारियों के विभिन्न गुटों के बीच आपसी विवाद के बाद पथराव और हिंसक संघर्ष की स्थिति उत्पन्न हो गई. हालात बिगड़ने पर पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक बल प्रयोग किया. इस दौरान 10 राउंड आंसू गैस के गोले छोड़े गए.

फायरिंग के बाद पुलिस ने भी किया जवाबी फायर

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि भीड़ की ओर से फायरिंग किए जाने के बाद पुलिस ने आत्मरक्षा और स्थिति को नियंत्रित करने के लिए 6 से 8 राउंड जवाबी फायरिंग की. इस घटना में कुछ लोग घायल हुए हैं. उन्होंने कहा कि पुलिस की त्वरित कार्रवाई से स्थिति पर शीघ्र नियंत्रण स्थापित कर लिया गया.

कई लोग हिरासत में, सीसीटीवी फुटेज से हो रही पहचान

एसपी ने बताया कि फिलहाल पूरे शहर से प्रदर्शनकारियों को हटा दिया गया है. उपद्रव और कानून-व्यवस्था भंग करने के आरोप में कई लोगों को हिरासत में लिया गया है. वहीं अन्य उपद्रवियों की पहचान सीसीटीवी फुटेज और वीडियो के आधार पर की जा रही है. सभी के विरुद्ध उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

30 से अधिक पुलिसकर्मी घायल, लोगों से की शांति बनाए रखने की अपील

हिंसा के दौरान 30 से अधिक पुलिसकर्मी घायल हुए हैं, जिनका उपचार कराया जा रहा है. एसपी पूरन कुमार झा ने बताया कि फिलहाल पूरे जिले में स्थिति सामान्य और पुलिस के नियंत्रण में है. उन्होंने आम लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने, सोशल मीडिया पर भ्रामक सूचनाएं साझा नहीं करने तथा शांति एवं सौहार्द बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करने की अपील की.

Also Read : तरैया में निजी विद्यालय का कर्कट तोड़कर चोरी, छह पंखे समेत कई सामान ले गए चोर



प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By अमरनाथ शर्मा

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >