सीवान में SI की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल, पोस्ट हटाने के बदले किया ब्लैकमेल, 50 हजार की रंगदारी मांगने का आरोप

सीवान में एक पुलिस अधिकारी की तस्वीरों को एडिट कर फेसबुक पर आपत्तिजनक सामग्री पोस्ट करने का मामला सामने आया है. शिकायतकर्ता का आरोप है कि पोस्ट हटाने के एवज में उनसे 50 हजार रुपये की मांग की गई. इस मामले में कानूनी कार्रवाई की जा रही है.

Siwan SI Photo Viral On Social Media : सीवान में सोशल मीडिया पर एक पुलिस अधिकारी की तस्वीरों को लेकर विवाद छिड़ गया है. आरोप है कि फेसबुक के अलग-अलग पेज, ग्रुप और प्रोफाइल से पुलिस अवर निरीक्षक की तस्वीरों को अन्य लोगों की तस्वीरों के साथ एडिट कर कथित आपत्तिजनक और मानहानिकारक सामग्री प्रसारित की गई. मामले में अब सारण साइबर थाना में तैनात पुलिस अवर निरीक्षक बिनोद कुमार सिंह ने शिकायत दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग की है.

तस्वीरों को एडिट कर पोस्ट करने का आरोप

शिकायत के अनुसार, 10 सितंबर को जानकारी मिलने के बाद बिनोद कुमार सिंह ने संबंधित फेसबुक पोस्ट की जांच की. आरोप है कि ‘मैरवा रिपोर्ट’ नाम के फेसबुक ग्रुप और सीवान टॉकीज़ (Siwan Talkies) पेज से उनकी वर्दी और सिविल ड्रेस वाली तस्वीरों को एक महिला और अन्य युवक की तस्वीरों के साथ एडिट कर प्रसारित किया गया.

इन पोस्ट में उनके खिलाफ एसआइटी प्रभारी रहते शराब माफिया और देह व्यापार से कथित सांठगांठ रखने समेत कई आरोप लगाए गए. साथ ही मैरवा में एक पेट्रोल पंप को वसूली का अड्डा बनाने का भी आरोप लगाया गया. पुलिस अधिकारी ने इन सभी आरोपों को भ्रामक और मानहानिकारक बताया है.

पोस्ट हटाने के बदले 50 हजार रुपये मांगने का आरोप

शिकायत में ‘नितेश सिंह सेंगर’ नाम के फेसबुक प्रोफाइल से दो ऑडियो और एक वीडियो प्रसारित करने का भी आरोप लगाया गया है. बिनोद कुमार सिंह का कहना है कि जब संबंधित सामग्री हटाने के लिए संपर्क किया गया तो उनसे 50 हजार रुपये की मांग की गई.

आरोप है कि राशि नहीं देने पर उनके खिलाफ और आपत्तिजनक सामग्री सोशल मीडिया पर प्रसारित करने की धमकी दी गई.

पुलिस विभाग की छवि धूमिल करने का आरोप

पुलिस अवर निरीक्षक ने नीतिश कुमार सिंह समेत संबंधित फेसबुक पेज, ग्रुप और प्रोफाइल संचालकों पर आपसी षड्यंत्र के तहत उनकी व्यक्तिगत छवि और पुलिस विभाग की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने का आरोप लगाया है.

मामले में शिकायत दर्ज कराते हुए उन्होंने सभी आरोपितों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने और कानूनी कार्रवाई की मांग की है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By मनीष गिरि

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >