आगरा कैंट घटना के विरोध में सीवान जंक्शन पर रेलवे कर्मचारियों का कैंडल मार्च, दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग

आगरा कैंट रेलवे स्टेशन पर हाल ही में हुई घटना के विरोध में सीवान जंक्शन पर रेलवे कर्मचारियों ने शांतिपूर्ण कैंडल मार्च निकाला. उन्होंने दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की और पीड़ित कर्मचारियों के प्रति एकजुटता व्यक्त की.

Siwan News: आगरा कैंट रेलवे स्टेशन पर हाल में हुई घटना के विरोध में गुरुवार की शाम सीवान जंक्शन पर विभिन्न विभागों के रेलवे कर्मचारियों ने शांतिपूर्ण कैंडल मार्च निकालकर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की. शाम 7:45 बजे शुरू हुए इस मार्च का नेतृत्व स्टेशन मास्टर मुकेश कुमार सिंह ने किया.

मार्च में बड़ी संख्या में रेलवे कर्मचारियों ने हाथों में मोमबत्तियां लेकर घटना के प्रति अपना विरोध दर्ज कराया और पीड़ित कर्मचारियों के प्रति एकजुटता व्यक्त की. कर्मचारियों ने एक स्वर में कहा कि रेलवे कर्मियों के साथ किसी भी प्रकार की अभद्रता, हिंसा या दुर्व्यवहार किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है.

दोषियों को सेवा से हटाने की मांग

रेल कर्मचारियों ने मांग की कि घटना में शामिल आरोपितों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए और उन्हें सेवा से पदमुक्त किया जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो.

कैंडल मार्च के दौरान कर्मचारियों ने "एआईएसएमए जिंदाबाद", "आवाज दो, हम एक हैं" सहित कर्मचारी एकता के समर्थन में कई नारे लगाए. वक्ताओं ने कहा कि रेलवे कर्मचारी दिन-रात यात्रियों की सेवा में लगे रहते हैं, इसलिए उनकी सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करना रेलवे प्रशासन एवं सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है.

कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन होगा

कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि यदि दोषियों के खिलाफ समयबद्ध और सख्त कार्रवाई नहीं हुई तो संगठन आगे की रणनीति तय करेगा और लोकतांत्रिक तरीके से अपना आंदोलन जारी रखेगा.

कैंडल मार्च में विवेकानंद झा, हरेश रजक, चंदन कुमार, रविंद्र कुमार मांझी, सतीश कुमार, जितेंद्र प्रसाद, सुरेंद्र प्रसाद, प्रदीप कुमार, अनीश कुमार, संतोष कुमार पंडित, आलोक कुमार, विजय कुमार, अरविंद कुमार, सौरभ कुमार सिंह, जितेंद्र कुमार यादव, मिथिलेश कुमार यादव सहित सीवान, दरौंदा, एकमा, चैनवा, पचरुखी, आलमपुर और आसपास के स्टेशनों के स्टेशन मास्टर, स्टेशन अधीक्षक एवं विभिन्न विभागों के कर्मचारी शामिल हुए.

रेल कर्मचारियों ने अंत में संकल्प लिया कि रेलवे कर्मियों के सम्मान, सुरक्षा और अधिकारों की रक्षा के लिए वे एकजुट रहेंगे तथा आवश्यकता पड़ने पर लोकतांत्रिक तरीके से अपना आंदोलन जारी रखेंगे.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Amarnath Sharma

Published by: Vivek Ranjan

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >