Siwan PACS Election: सीवान जिले के गुठनी, दरौंदा और बड़हरिया प्रखंडों के छह पैक्स में मंगलवार यानी 1 सितंबर को चुनाव कराया जायेगा. मतदान सुबह 7 बजे से शाम 4:30 बजे तक होगा. मतदान समाप्त होते ही संबंधित स्थानों पर मतगणना शुरू की जायेगी. तीनों प्रखंडों में कुल 18 मतदान केंद्र बनाये गये हैं, जहां 10,624 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे.
पैक्स चुनाव को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और भयमुक्त माहौल में कराने के लिए प्रशासन की ओर से सुरक्षा और निगरानी की विशेष व्यवस्था की गयी है. मतदान केंद्रों पर अधिकारियों की तैनाती के साथ पूरे चुनाव क्षेत्र में लगातार गश्त और निगरानी रखी जायेगी.
तीन सुपर जोनल दंडाधिकारी और पुलिस पदाधिकारी तैनात
चुनाव को लेकर तीन सुपर जोनल दंडाधिकारी और तीन पुलिस पदाधिकारी तैनात किये गये हैं. इसके अलावा छह सेक्टर पदाधिकारी सह जोनल दंडाधिकारी और छह पुलिस पदाधिकारियों की भी ड्यूटी लगायी गयी है.
सभी अधिकारियों को मतदान शुरू होने से पहले सुबह 6 बजे अपने-अपने निर्धारित क्षेत्र में पहुंचने का निर्देश दिया गया है. अधिकारी मतदान समाप्त होने तक अपने क्षेत्र में लगातार भ्रमण कर चुनावी व्यवस्था पर नजर रखेंगे.
गुठनी, दरौंदा और बड़हरिया में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
तीनों प्रखंडों में मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किये गये हैं. किसी भी तरह की गड़बड़ी की सूचना मिलने पर संबंधित अधिकारी तत्काल मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित करेंगे.
अधिकारियों को मतदान प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की बाधा नहीं आने देने और मतदाताओं को भयमुक्त वातावरण उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है.
मतदान के बाद सुरक्षित रखी जायेंगी मतपेटियां
मतदान समाप्त होने के बाद सभी मतपेटियों और चुनाव से संबंधित सामग्री को निर्धारित सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जायेगा.
गुठनी में मतपेटियों को प्रखंड कार्यालय गुठनी में जमा कराया जायेगा. दरौंदा में राजस्व अधिकारी के कार्यालय प्रकोष्ठ को सुरक्षित स्थान बनाया गया है. वहीं बड़हरिया में सूचना प्रौद्योगिकी भवन सह प्रखंड कार्यालय के द्वितीय तल स्थित कमरा संख्या पांच में मतपेटियों को सुरक्षित रखा जायेगा.
मतगणना के लिए भी संबंधित प्रखंडों में स्थान निर्धारित किये गये हैं.
प्रत्येक प्रखंड में बनेगा कंट्रोल रूम
चुनाव के दौरान प्रत्येक प्रखंड में नियंत्रण कक्ष बनाया जायेगा. इसके अलावा जिला स्तर पर भी नियंत्रण कक्ष काम करेगा. जिला नियंत्रण कक्ष का दूरभाष नंबर 06154-242000 है. किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या समस्या की सूचना यहां दी जा सकती है.
जिला नियंत्रण कक्ष की जिम्मेदारी सहायक आपदा प्रबंधन पदाधिकारी शबनम नाजनीन को दी गयी है.
निषेधाज्ञा लागू, हथियारों के प्रदर्शन पर रोक
चुनाव को लेकर संबंधित क्षेत्रों में निषेधाज्ञा भी लागू रहेगी. इसके तहत चुनाव प्रक्रिया पूरी होने तक हथियार लेकर चलने और हथियारों का प्रदर्शन करने पर रोक रहेगी.
प्रशासन ने लोगों से शांतिपूर्ण तरीके से मतदान करने और किसी भी अफवाह पर ध्यान नहीं देने की अपील की है.
एसडीओ-एसडीपीओ संभालेंगे विधि-व्यवस्था
गुठनी, दरौंदा और बड़हरिया में मतदान के दौरान अधिकारी लगातार क्षेत्र में मौजूद रहेंगे. विधि-व्यवस्था की जिम्मेदारी संबंधित अनुमंडल पदाधिकारी और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी संभालेंगे. वे भी अपने-अपने क्षेत्रों में भ्रमण कर चुनाव की स्थिति पर नजर रखेंगे.
चुनाव की पूरी व्यवस्था की निगरानी अपर समाहर्त्ता प्रमोद कुमार राम और अपर पुलिस अधीक्षक संजय कुमार झा करेंगे.
जिला दंडाधिकारी विजय प्रकाश मीणा और पुलिस अधीक्षक भारत सोनी ने अधिकारियों को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और भयमुक्त माहौल में चुनाव कराने का निर्देश दिया है. प्रशासन की ओर से मतदाताओं से निर्धारित समय पर मतदान केंद्र पहुंचकर अपने मताधिकार का प्रयोग करने की अपील की गयी है.
इसे भी पढ़ें: गोपालगंज में एयरपोर्ट का सपना होगा साकार? 517 एकड़ जमीन से अतिक्रमण हटा, अब अगला कदम क्या?
