सीवान से अमर नाथ शर्मा की रिपोर्ट
Siwan Situation : बिहार बंद के दौरान सीवान में हुई हिंसक घटनाओं के बाद अब जनजीवन पूरी तरह सामान्य हो गया है. नीट (NEET) परीक्षा में कथित पेपर लीक और छात्रों पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में शनिवार को शहर में भारी बवाल हुआ था. रविवार को जिला प्रशासन और पुलिस ने पूरे शहर में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच फ्लैग मार्च निकाला. आम लोगों ने बाजार खुलने और यातायात सामान्य होने पर राहत की सांस ली है.
नीट पेपर लीक और लाठीचार्ज पर हुआ था बवाल
नीट परीक्षा में कथित पेपर लीक का मामला लगातार गरमाता जा रहा है. इसी मुद्दे और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर शनिवार को बिहार बंद बुलाया गया था. जंतर-मंतर और पटना में छात्रों पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में सीवान में भी हिंसक प्रदर्शन हुए थे. रविवार को इन घटनाओं के बाद शहर में शांति लौट आई है और जनजीवन पूरी तरह से सामान्य हो गया है.
लोगों में भरोसा जगाने के लिए फ्लैग मार्च
शहर में शांति व्यवस्था बहाल करने और लोगों के मन में सुरक्षा का भरोसा कायम करने के लिए जिला प्रशासन ने कड़े कदम उठाए हैं. जिलाधिकारी विवेक रंजन मैत्रेय और पुलिस अधीक्षक पूरन कुमार झा के नेतृत्व में भारी पुलिस बल के साथ शहर के प्रमुख मार्गों पर फ्लैग मार्च निकाला गया. संवेदनशील इलाकों में अधिकारियों ने खुद जाकर स्थिति का जायजा लिया और आम लोगों से शांति तथा सौहार्द बनाए रखने की अपील की.
चौक-चौराहों पर भारी पुलिस बल की तैनाती
सुरक्षा के मद्देनजर शहर के सभी प्रमुख चौक-चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर स्टैटिक फोर्स की विशेष तैनाती की गई है. डीएम और एसपी ने विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण कर वहां तैनात पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को विधि-व्यवस्था बनाए रखने के सख्त दिशा-निर्देश दिए. किसी भी अप्रिय स्थिति से तुरंत निपटने के लिए पूरी सतर्कता बरतने को कहा गया है.
61 उपद्रवियों को महाराजगंज किया गया शिफ्ट
प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार शनिवार को हुए उपद्रव के दौरान पुलिस ने कड़ी कार्रवाई करते हुए 61 लोगों को हिरासत में लिया था. सुरक्षा की दृष्टि से इन सभी उपद्रवियों को शनिवार देर रात ही महाराजगंज स्थित एक सुरक्षित स्थान पर भेज दिया गया है. इसके साथ ही रात में ही जिले में अतिरिक्त पुलिस बल को भी बुला लिया गया था, ताकि जरूरत पड़ने पर उनका तत्काल इस्तेमाल किया जा सके.
उपद्रवियों पर होगी सख्त कार्रवाई
प्रशासन ने बिल्कुल स्पष्ट कर दिया है कि जिले में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है. हिंसा फैलाने और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वाले सभी लोगों की पहचान की जा रही है. इनके विरुद्ध विधिसम्मत कड़ी कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी. फिलहाल रविवार को शहर के बाजार खुले रहे और यातायात भी सामान्य रहा, जिससे स्थिति पूरी तरह पुलिस के नियंत्रण में नजर आ रही है.
Also Read : सीवान फायरिंग: गोली लगने के बाद तीनों घायल मेदांता रेफर, आरिफ की हालत गंभीर
