बारात से लौट रहे बाइक सवार को मारी टक्कर
Siwan News: (अमर नाथ पांडे की रिपोर्ट) सीवान जिले के लकड़ी नबीगंज थाना क्षेत्र में बुधवार रात एक भीषण सड़क हादसा हुआ. गोपालपुर टोला नवादा से बारात से लौट रहे बाइक सवार दो युवकों को नहर बांध मार्ग पर एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी. हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया.
दोनों युवक गंभीर रूप से घायल
इस दुर्घटना में बाइक सवार दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए. घायलों की पहचान नवादा निवासी मोंक सहनी के पुत्र पीयूष कुमार (20) और बद्री सहनी के पुत्र रमन सहनी के रूप में की गयी है. दोनों एक ही बाइक पर सवार होकर शादी समारोह से लौट रहे थे.
प्राथमिक उपचार के बाद पटना भेजा गया
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने परिजनों को सूचना दी और दोनों को नजदीकी निजी अस्पताल में भर्ती कराया। वहां चिकित्सकों ने हालत गंभीर देखते हुए दोनों को बेहतर इलाज के लिए पटना स्थित Patna Medical College and Hospital भेज दिया.
इलाज के दौरान एक की मौत, दूसरा जिंदगी के लिए जूझ रहा
पटना में इलाज के दौरान रमन सहनी की मौत हो गई, जबकि पीयूष कुमार की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है और वह जिंदगी व मौत के बीच संघर्ष कर रहा है.
क्षेत्र में शोक का माहौल
घटना की खबर मिलते ही पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। स्थानीय सरपंच लवली चौधरी ने बताया कि मृतक बेहद गरीब परिवार से था। समाचार लिखे जाने तक शव गांव नहीं पहुंच पाया था.
ALSO READ: छात्र पर चाकू से हमला कर लॉकेट लूटने का मामला, एक आरोपित गिरफ्तार
