गुठनी से चंद्र प्रकाश दुबे की रिपोर्ट
Siwan News: सीवान जिले के गुठनी थाना क्षेत्र के डरैला गांव स्थित एक ईंट-भट्ठा परिसर में बुधवार की सुबह एक महिला का शव गड्ढे के अंदर ईंटों से दबा हुआ मिला. शव मिलने की खबर आग की तरह पूरे इलाके में फैल गई और घटनास्थल पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई. मामले को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं.
शव को छिपाने की कोशिश?
स्थानीय लोगों का मानना है कि महिला की हत्या करने के बाद साक्ष्य मिटाने की नीयत से शव को गड्ढे में दबाया गया हो सकता है. जिस तरीके से शव ईंटों के नीचे दबा मिला. उससे हत्या की आशंका और गहरा गई है. हालांकि पुलिस अभी किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंची है और हर पहलू से जांच कर रही है.
चिमनी परिसर से मिला शव
जानकारी के अनुसार डरैला गांव स्थित शैलेश सिंह के ईंट-भट्ठा (चिमनी) परिसर के एक गड्ढे में शव पड़े होने की सूचना पुलिस को मिली थी. सूचना मिलते ही गुठनी थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और पूरे इलाके को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी.
घटनास्थल से मंगलसूत्र,चप्पल और झोला बरामद
जांच के दौरान पुलिस को घटनास्थल से कुछ महत्वपूर्ण सामान भी मिला है. पुलिस ने एक मंगलसूत्र, एक जोड़ी चप्पल और एक झोला बरामद किया है. इन वस्तुओं को साक्ष्य के रूप में जब्त कर लिया गया है और उनकी जांच की जा रही है. माना जा रहा है कि ये सामान मामले की गुत्थी सुलझाने में अहम भूमिका निभा सकते हैं.
महिला की पहचान में जुटी पुलिस
फिलहाल शव की पहचान नहीं हो सकी है. पुलिस आसपास के गांवों और थानों से संपर्क कर महिला की शिनाख्त कराने का प्रयास कर रही है. पहचान होने के बाद ही घटना के पीछे की वजह और परिस्थितियों का खुलासा होने की उम्मीद है.
अपर थानाध्यक्ष ने संभाली जांच की कमान
घटना की सूचना मिलते ही अपर थानाध्यक्ष निरंजन कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. उन्होंने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ की. पुलिस टीम क्षेत्र के लोगों से जानकारी जुटाकर मामले की तह तक पहुंचने का प्रयास कर रही है.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है. अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई और क्या यह हत्या का मामला है या कोई अन्य कारण है.पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी संभावित बिंदुओं पर जांच की जा रही है.
