Siwan News : अरविंद कुमार सिंह): जिले में सड़क हादसों पर अंकुश लगाने और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए सिवान पुलिस ने सभी थाना क्षेत्रों में सघन वाहन जांच अभियान शुरू कर दिया है. अभियान के तहत नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर मोटर वाहन अधिनियम के तहत ई-चालान सहित अन्य कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, पुलिस पदाधिकारी दोपहिया और चारपहिया वाहनों की जांच कर रहे हैं. इस दौरान हेलमेट, सीट बेल्ट, ड्राइविंग लाइसेंस, वाहन के वैध कागजात, प्रदूषण प्रमाण पत्र और नंबर प्लेट की गहन जांच की जा रही है.
बिना अनुमति PRESS, पुलिस, जातिसूचक शब्द लिखे वाहनों पर होगी कार्रवाई
जांच के दौरान यह भी सामने आया कि कई लोग अपने निजी वाहनों पर बिना अनुमति PRESS, पुलिस, जातिसूचक शब्द एवं अन्य अनधिकृत शब्द लिखकर वाहन चला रहे हैं. सिवान पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सक्षम प्राधिकरण की अनुमति के बिना वाहन पर ऐसे शब्द अंकित करना नियम विरुद्ध है. ऐसे वाहन चालकों पर मोटर वाहन अधिनियम-1988 की धारा 177 एवं 179 के तहत कार्रवाई की जाएगी.
हेलमेट व शीट बेल्ट का प्रयोग करें
सिवान पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि वाहन चलाते समय यातायात नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करें. हेलमेट और सीट बेल्ट का प्रयोग करें, सभी आवश्यक कागजात साथ रखें तथा वाहन पर भ्रामक या अनधिकृत शब्द अंकित न करें. पुलिस ने चेतावनी दी है कि नियम तोड़ने वालों पर निष्पक्ष और सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी.
