Siwan News (रवींद्र कुमार गुप्ता की रिपोर्ट): सीवान जिले के दरौंदा थाना क्षेत्र के पिनर्थू खुर्द पंचायत के पसीवड़ धानुक टोला गांव में सोमवार दोपहर पोखरे में डूबने से दो बच्चों की मौत हो गई. मृतकों की पहचान मुन्ना महतो के 10 वर्षीय पुत्र बीरू कुमार और अमित कुमार के 11 वर्षीय पुत्र हर्षित कुमार के रूप में हुई है.
दोस्तों के शोर मचाने पर पहुंचे ग्रामीण
जानकारी के अनुसार दोनों बच्चे अपने दोस्तों के साथ गांव के एक निजी पोखरे में नहा रहे थे. इसी दौरान एक बच्चा गहरे पानी में चला गया. उसे बचाने के प्रयास में दूसरा बच्चा भी डूब गया. साथ में मौजूद बच्चों ने शोर मचाया, जिसके बाद ग्रामीण और परिजन मौके पर पहुंचे. काफी प्रयास के बाद दोनों बच्चों को पोखरे से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी.
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
घटना की सूचना मिलते ही दरौंदा थानाध्यक्ष विकास कुमार सिंह और सीओ वेद प्रकाश नारायण मौके पर पहुंचे. पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सीवान सदर अस्पताल भेज दिया. सीओ ने बताया कि मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है. हादसे के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
Also Read: प्राकृतिक खेती से बढ़ेगी किसानों की आय, प्रशिक्षण कार्यशाला में दी गई आधुनिक तकनीकों की जानकारी
