सीवान में लंबे समय से फरार ‘निरहुआ’ गिरफ्तार, पुलिस ने घेराबंदी कर नाटकीय अंदाज में दबोचा

Siwan News: सीवान जिले के नौतन थाना क्षेत्र में पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है. आर्म्स एक्ट और पॉक्सो एक्ट जैसे गंभीर मामलों में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी को पुलिस ने नाटकीय अंदाज में गिरफ्तार कर लिया.

सीवान से शिवनाथ पांडेय की रिपोर्ट
Siwan News:
सीवान जिले के नौतन थाना क्षेत्र में पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है. आर्म्स एक्ट और पॉक्सो एक्ट जैसे गंभीर मामलों में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी को पुलिस ने नाटकीय अंदाज में गिरफ्तार कर लिया. आरोपी की पहचान पूर्व खलवां गांव निवासी आदित्य खरवार उर्फ निरहुआ के रूप में हुई है. पुलिस की इस कार्रवाई को क्षेत्र में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है.

दो गंभीर मामलों में वांछित था आरोपी

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ नौतन थाना कांड संख्या 136/2025 के तहत आर्म्स एक्ट का मामला दर्ज है. यह मामला पुलिस द्वारा स्वतः संज्ञान लेते हुए दर्ज किया गया था. वहीं नौतन थाना कांड संख्या 20/2026 में पॉक्सो एक्ट के तहत भी आरोपी नामजद है. यह मामला पीड़िता के पिता द्वारा दिए गए लिखित आवेदन के आधार पर दर्ज किया गया था.

लंबे समय से पुलिस को दे रहा था चकमा

दोनों मामलों में आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था. उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही थी. साथ ही गुप्त सूत्रों के माध्यम से उसकी गतिविधियों पर नजर रखी जा रही थी. बावजूद इसके आरोपी लगातार पुलिस की पकड़ से बाहर था.

गुप्त सूचना ने बदल दी पूरी कहानी

गुरुवार को नौतन थाना पुलिस को विश्वसनीय सूचना मिली कि फरार आरोपी अपने घर पहुंचा हुआ है. सूचना मिलते ही थाना प्रभारी जित मोहन कुमार ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया और मौके के लिए रवाना हो गए. पुलिस टीम ने पूर्व खलवां गांव पहुंचकर आरोपी के घर की चारों ओर से घेराबंदी कर दी. इसके बाद चलाए गए छापेमारी अभियान में आरोपी को उसके घर से ही गिरफ्तार कर लिया गया. पुलिस की इस कार्रवाई से इलाके में दहशत का माहौल कायम हो गया.

गिरफ्तारी के बाद शुरू हुई पूछताछ

गिरफ्तारी के बाद आरोपी को नौतन थाना लाया गया, जहां कानूनी प्रक्रिया पूरी की गई. थाना प्रभारी जित मोहन कुमार ने बताया कि आरोपी से न्यायिक हिरासत में पूछताछ की जा रही है और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच जारी है. पुलिस का कहना है कि मामले में अन्य संभावित सहयोगियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है. इसके लिए लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है. जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. नौतन थाना पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अपराध और फरार आरोपियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा.

Also Read: सीवान में नए ई-रिक्शों की एंट्री पर 6 महीने की रोक, डीएम का सख्त आदेश, जानिए क्यों लिया गया फैसला?

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Sakshi kumari

साक्षी देश के प्रथम राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद की धरती सीवान से आती हैं. पत्रकारिता में करियर की शुरुआत News4Nation के साथ की. 3 सालों तक डिजिटल माध्यम से पत्रकारिता करने के बाद वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल के साथ कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं. बिहार की राजनीति में रुचि रखती हैं. हर दिन नया सीखने के लिए इच्छुक रहती हैं.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >