सीवान सदर अस्पताल पहुंचे हादसे में घायल शख्स की मौत, हंगामा-तोड़फोड़ की वजह से नहीं हुआ इलाज

Siwan News: सीवान के मुफ्फसिल थाना क्षेत्र में नीलगाय से टकराकर घायल हुए ऑटो चालक की सदर अस्पताल में मौत हो गई. परिजनों ने अस्पताल में हंगामे के कारण समय पर इलाज नहीं मिलने का आरोप लगाया है.

Siwan News : सीवान मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के बरहनी चंवरा के समीप गुरुवार रात हुए सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल एक ऑटो चालक की सदर अस्पताल में मौत हो गई. परिजनों का आरोप है कि अस्पताल में उस समय हंगामा और तोड़फोड़ होने के कारण घायल को समय पर इलाज नहीं मिल सका.

नीलगाय के टकराने से पलट गया ऑटो

मृतक की पहचान बड़हरिया थाना क्षेत्र के पुरैना गांव निवासी रमेश कुमार मिश्रा (40), पिता वासुदेव मिश्रा के रूप में हुई है.

परिजनों के अनुसार, रमेश कुमार मिश्रा ऑटो चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे. गुरुवार रात वह सीवान की ओर जा रहे थे. इसी दौरान बरहनी चंवरा के पास अचानक एक नीलगाय ऑटो से टकरा गई, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया और वह गंभीर रूप से घायल हो गए.

अस्पताल में इलाज में देरी का आरोप

परिजनों का आरोप है कि उसी समय अस्पताल में सांप काटने से एक बच्चे की मौत के बाद परिजनों द्वारा हंगामा, तोड़फोड़ और स्वास्थ्यकर्मियों के साथ मारपीट की घटना चल रही थी. इस कारण इलाज की व्यवस्था प्रभावित रही और रमेश कुमार मिश्रा को समय पर चिकित्सा सुविधा नहीं मिल सकी, जिससे उनकी मौत हो गई.

पुलिस ने कराया पोस्टमार्टम

घटना की सूचना मिलने के बाद नगर थाना पुलिस सदर अस्पताल पहुंची. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया.

नगर थाना प्रभारी अविनाश कुमार ने बताया कि सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति की मौत की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने नियमानुसार कार्रवाई की है. मामले की जांच जारी है.

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

रमेश कुमार मिश्रा अपने पीछे पत्नी और बच्चों सहित पूरे परिवार को छोड़ गए हैं. उनकी मौत के बाद परिवार पर आर्थिक संकट भी गहरा गया है, क्योंकि वह ऑटो चलाकर ही परिवार का भरण-पोषण करते थे.

इसे भी पढ़ें: सीवान में सांप के काटने से बच्चे की मौत के बाद सदर अस्पताल में हंगामा, डॉक्टर-नर्स से मारपीट और तोड़फोड़

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Arvind kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >