सुबह 8 बजे तक कूड़ा प्वाइंट पर पहुंचाना अनिवार्य, सीवान में जाम से राहत के लिए कूड़ा उठाव व्यवस्था बदली गई

Siwan News : सीवान नगर परिषद नया नियम: कूड़ा उठाव के लिए समय तय, लापरवाही पर कार्रवाई.

सीवान से विवेक कुमार सिंह की रिपोर्ट
Siwan News : शहर की सफाई व्यवस्था को और बेहतर बनाने तथा कूड़ा उठाव के कारण लगने वाले जाम से लोगों को राहत दिलाने के लिए नगर परिषद ने नई व्यवस्था लागू करने का निर्णय लिया है. अब शहर के सभी वार्डों से निकलने वाला कूड़ा सुबह आठ बजे तक निर्धारित कूड़ा प्वाइंट पर पहुंचाना अनिवार्य होगा, जबकि सभी कूड़ा प्वाइंटों से सुबह साढ़े आठ बजे तक कचरे का उठाव कर उसे निर्धारित डंपिंग स्थल तक पहुंचा दिया जाएगा.नगर परिषद की ओर से इस संबंध में विस्तृत निर्देश जारी कर दिए गए हैं. साथ ही स्पष्ट कर दिया गया है कि समय-सीमा का पालन नहीं करने वाले कर्मियों और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.

नगर परिषद ने तय किया नया समय

नगर परिषद के अनुसार पिछले कई दिनों से यह शिकायत मिल रही थी कि कई वार्डों में कूड़ा संग्रहण और डंपिंग का कार्य निर्धारित समय पर नहीं हो रहा है इसके कारण कूड़ा उठाव करने वाले वाहनों को इंतजार करना पड़ता है और पूरी सफाई व्यवस्था प्रभावित हो जाती है. कई बार प्रमुख सड़कों, बाजारों और व्यस्त चौराहों के पास कूड़े का ढेर जमा हो जाता है.सुबह के समय जब लोग कार्यालय, स्कूल और बाजार के लिए निकलते हैं, उसी दौरान कूड़ा उठाव की प्रक्रिया चलने से कई स्थानों पर यातायात बाधित होता है और जाम की समस्या उत्पन्न हो जाती है.नगर परिषद का मानना है कि यदि कूड़ा संग्रहण, डंपिंग और उठाव का पूरा कार्य सुबह के शुरुआती घंटों में ही पूरा कर लिया जाए तो न केवल शहर अधिक स्वच्छ दिखाई देगा बल्कि यातायात व्यवस्था भी सुचारू बनी रहेगी.

वार्ड स्तर पर निगरानी अनिवार्य

इसी उद्देश्य से नई समय-सीमा तय की गई है.इसके तहत सभी वार्ड जमादारों को अपने-अपने क्षेत्र में सफाई कार्य की प्रतिदिन निगरानी करनी होगी और यह सुनिश्चित करना होगा कि वार्ड से निकलने वाला पूरा कूड़ा सुबह आठ बजे तक निर्धारित कूड़ा प्वाइंट पर पहुंच जाए.इसके लिए सफाई कर्मियों, ट्रैक्टर चालकों और ठेला चालकों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने का निर्देश दिया गया है.इसके बाद नगर परिषद के वाहन चालक और स्वच्छता कर्मी सभी कूड़ा प्वाइंटों से कचरा उठाकर सुबह साढ़े आठ बजे तक डंपिंग स्थल तक पहुंचाएंगे.

लापरवाह कर्मियों पर कार्रवाई तय

अधिकारियों का कहना है कि इससे सड़क किनारे लंबे समय तक कूड़ा जमा रहने की समस्या समाप्त होगी. साथ ही दुर्गंध, गंदगी और आवारा पशुओं के जमाव से भी लोगों को राहत मिलेगी. नगर परिषद का यह भी मानना है कि समय पर कूड़ा हटने से शहर की छवि बेहतर होगी और स्वच्छता अभियान को मजबूती मिलेगी. नगर कार्यपालक पदाधिकारी नीलम श्वेता ने आदेश की प्रतिलिपि नगर प्रबंधक, एपीएसडब्ल्यूएमओ, सफाई निरीक्षक, सभी वार्ड जमादारों तथा सफाई व्यवस्था से जुड़ी एजेंसियों को भेजते हुए निर्देशों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने को कहा है. नगर परिषद ने सफाई कार्य में लगी एजेंसियो किंग सिक्योरिटी गार्ड्स सर्विस प्राइवेट लिमिटेड, टेक्नो फैसिलिटी एंड मैनेजमेंट सर्विस प्राइवेट लिमिटेड तथा सर्जिकल सिक्योरिटी एंड कंसल्टेंसी प्राइवेट लिमिटे को भी इस व्यवस्था का पालन कराने की जिम्मेदारी सौंपी है.नई व्यवस्था के तहत सफाई निरीक्षकों को प्रतिदिन मॉनिटरिंग करने और कार्य की समीक्षा करने की जिम्मेदारी दी गई है. यदि किसी वार्ड में कूड़ा डंपिंग या कूड़ा उठाव के कार्य में अनावश्यक विलंब पाया जाता है तो संबंधित वार्ड जमादार, वाहन चालक अथवा जिम्मेदार कर्मी के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी.नगर परिषद ने स्पष्ट किया है कि स्वच्छता व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.

ईओ का निर्देश: सभी कर्मी और एजेंसियां आदेश का अक्षरशः पालन करें

नगर परिषद के ईओ नीलम श्वेता का कहना है कि स्वच्छ और सुंदर शहर केवल सफाई कर्मियों के प्रयास से नहीं बन सकता, बल्कि इसके लिए पूरी व्यवस्था का समय पर और जिम्मेदारी के साथ काम करना जरूरी है. नई व्यवस्था लागू होने के बाद शहर के प्रमुख मार्गों, बाजारों और सार्वजनिक स्थलों पर कूड़ा जमा होने की समस्या में कमी आने की उम्मीद है. साथ ही लोगों को सुबह के समय लगने वाले जाम से भी राहत मिलेगी.नगर परिषद ने सभी संबंधित अधिकारियों, कर्मियों और एजेंसियों को निर्देश दिया है कि वे आदेश का अक्षरशः पालन करें, ताकि शहर की स्वच्छता व्यवस्था और यातायात प्रबंधन दोनों को बेहतर बनाया जा सके. यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है और इसकी नियमित समीक्षा भी की जाएगी.

Also Read : भागवतपुर पंचायत में चोरी की बड़ी घटना, घर से गायब मिले 15 लाख के गहने

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: YUVRAJ RATAN

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >