सीवान से विवेक कुमार सिंह की रिपोर्ट
Siwan News : सीवान नगर परिषद सीवान के बहुप्रतीक्षित प्रशासनिक भवन का निर्माण कार्य जल्द पूरा होने की उम्मीद जगी है. वर्षों से अधूरे पड़े प्रशासनिक भवन के शेष कार्यों को पूरा कराने के लिए नगर परिषद ने बुडकों के परियोजना निदेशक से भवन का संपूर्ण अभिलेख, प्राक्कलन एवं डीपीआर नगर परिषद को हस्तांतरित करने का अनुरोध किया है. इस संबंध में कार्यपालक पदाधिकारी नीलम श्वेता ने परियोजना निदेशक को पत्र भेजा है. जानकारी के अनुसार नगर परिषद के नए प्रशासनिक भवन के निर्माण की स्वीकृति वर्ष 2014-15 में मिली थी. इसके बावजूद एक दशक से अधिक समय बीत जाने के बाद भी भवन का निर्माण कार्य पूर्ण नहीं हो सका है. नगर परिषद द्वारा भेजे गए पत्र में कहा गया है कि भवन निर्माण के लिए कुल 3.28 करोड़ रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की गई थी, जिसमें से लगभग 2.40 करोड़ रुपये की राशि खर्च कर निर्माण कार्य कराया जा चुका है.
जर्जर भवन में चल रहा कार्यालय, भवन निर्माण को लेकर डीएम और विधायक ने दिए निर्देश
इसके बावजूद भवन अभी भी अधूरा है और कार्यालय संचालन के लिए उपयोग में नहीं लाया जा सका है. नगर परिषद प्रशासन का कहना है कि वर्तमान में कार्यालय का संचालन पुराने भवन में किया जा रहा है, जिसका एक बड़ा हिस्सा काफी जर्जर हो चुका है. साथ ही कर्मचारियों की संख्या बढ़ने के कारण कार्यालय में जगह की भी गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई है. ऐसे में नए प्रशासनिक भवन का निर्माण पूरा होना अत्यंत आवश्यक हो गया है. पत्र में उल्लेख किया गया है कि जिलाधिकारी द्वारा आयोजित विभिन्न समीक्षात्मक बैठकों में भी प्रशासनिक भवन का निर्माण शीघ्र पूरा कराने का निर्देश दिया गया है. इसके अलावा नौ जून को विधायक मंगल पांडेय की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में भी भवन निर्माण के शेष कार्यों को जल्द पूरा कराने पर जोर दिया गया था. बैठक में यह निर्णय लिया गया कि अवशेष कार्य पूरा कराकर जल्द से जल्द नए भवन से कार्यालय संचालन शुरू किया जाए.
निरीक्षण के बाद निर्माण कार्य को लेकर तेजी, दस्तावेज हस्तांतरण की मांग
नगर परिषद की सशक्त स्थायी समिति ने भी छह जून को आयोजित बैठक में प्रशासनिक भवन के शेष निर्माण कार्य को निकाय स्तर से कराने के प्रस्ताव को स्वीकृति प्रदान कर दी है. इसके बाद नगर परिषद ने आगे की कार्रवाई तेज कर दी है.गौरतलब है कि दो जून को नगर कार्यपालक पदाधिकारी, नगर विकास प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता तथा संबंधित अधिकारियों द्वारा अर्धनिर्मित भवन का संयुक्त निरीक्षण भी किया गया था. निरीक्षण के दौरान निर्माण कार्य की वर्तमान स्थिति का आकलन किया गया और आगे की कार्ययोजना पर चर्चा हुई. नगर परिषद के ईओ ने परियोजना निदेशक से अनुरोध किया है कि योजना की अंतिम मापी (फोरक्लोजर) दर्ज करते हुए भवन से संबंधित सभी अभिलेख, प्राक्कलन, डीपीआर एवं अन्य आवश्यक दस्तावेज नगर परिषद को हस्तांतरित किए जाएं. इससे निकाय स्तर पर शेष निर्माण कार्य शीघ्र शुरू कराया जा सकेगा और लंबे समय से अधूरा पड़ा प्रशासनिक भवन आम जनता एवं नगर परिषद कर्मियों के लिए उपयोगी बन सकेगा.
