Siwan News: (सीवान से शिवनाथ पांडेय की रिपोर्ट)
सीवान के नौतन थाना क्षेत्र के नारायणपुर बाबा मोड़ के पास जमीनी विवाद को लेकर हुए दोहरे हत्याकांड में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. पुलिस अन्य नामजद आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है.
जमीनी विवाद में हुई थी खूनी झड़प
जानकारी के अनुसार 28 मई 2026 को नारायणपुर बाबा मोड़ के पास दो पक्षों के बीच जमीन को लेकर विवाद हिंसक रूप ले लिया था. देखते ही देखते दोनों पक्षों में खूनी संघर्ष शुरू हो गया. घटना में एक पक्ष के शंकर सिंह की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि दूसरे पक्ष के बांका सिंह ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया था.
दो आरोपित गिरफ्तार, भेजे गए जेल
नौतन थाना पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए बरोहा गांव निवासी हिरा सिंह, पिता मैनेजर सिंह तथा सेठ सिंह, पिता शंकर सिंह को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है. दोनों आरोपित घटना के बाद से पुलिस की निगरानी में थे. पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 126(2), 115(1), 103(1) और 3(5) के तहत प्राथमिकी दर्ज की है. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस विभिन्न पहलुओं की जांच कर रही है.
दोनों पक्षों के 13 लोगों पर एफआईआर
थानाध्यक्ष जीत मोहन कुमार ने बताया कि इस मामले में दोनों पक्षों के कुल 13 लोगों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज की गई है. इनमें से दो आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है, जबकि अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.
फरार आरोपितों की तलाश में जुटी पुलिस
थानाध्यक्ष ने कहा कि शेष आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है. पुलिस का दावा है कि मामले में शामिल सभी आरोपितों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
Also Read: सीवान के मैरवा स्टेशन पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, शरीर में शराब छिपाकर ले जा रहे दो तस्कर पकड़ाए
