सीवान की सफाई व्यवस्था पर फूटा जनप्रतिनिधियों का गुस्सा, एजेंसी को अंतिम चेतावनी

Siwan News : 45 वार्डों में नई स्ट्रीट लाइट लगाने, कूड़ा प्वाइंटों को स्थानांतरित व सुव्यवस्थित करने समेत कई महत्वपूर्ण फैसले लिए गए.

सीवान से विवेक कुमार सिंह की रिपोर्ट
Siwan News : सीवान नगर परिषद क्षेत्र की बिगड़ती सफाई व्यवस्था पर सशक्त स्थायी समिति ने शनिवार को कड़ा रुख अपनाया. समिति की बैठक में स्पष्ट चेतावनी दी गई कि यदि शहर की सफाई व्यवस्था में शीघ्र सुधार नहीं हुआ तो सफाई कार्य में लगी आउटसोर्सिंग एजेंसी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उसका एकरारनामा रद्द करने का प्रस्ताव अगली बोर्ड बैठक में लाया जाएगा.नगर परिषद सभाकक्ष में आयोजित बैठक की अध्यक्षता मुख्य पार्षद सेम्पी देवी ने की. बैठक में शहर के विकास, सफाई, प्रकाश व्यवस्था और कूड़ा प्रबंधन से जुड़े कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए. बैठक में उपमुख्य पार्षद किरण गुप्ता ने सफाई व्यवस्था का मुद्दा प्रमुखता से उठाते हुए कहा कि शहर में समय पर कूड़े का उठाव नहीं हो रहा है. अधिकांश वार्डों से लगातार शिकायतें मिल रही हैं.डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण की व्यवस्था भी प्रभावित हो गई है, जिससे आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.

45 वार्डों में लगेंगी नई स्ट्रीट लाइटें

उन्होंने संबंधित एजेंसी को तत्काल चेतावनी नोटिस जारी करने की मांग की.सदस्यों ने भी सफाई व्यवस्था पर नाराजगी जताते हुए इसे सुधारने के लिए प्रभावी कदम उठाने की आवश्यकता बतायी.बैठक में नगर परिषद क्षेत्र के सभी 45 वार्डों में सर्वे के आधार पर स्ट्रीट लाइट लगाने के प्रस्ताव पर विस्तार से चर्चा हुई.शहर के जिन इलाकों में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था नहीं है, वहां नई स्ट्रीट लाइट लगाने का निर्णय लिया गया. इसके लिए जल्द ही निविदा प्रक्रिया शुरू करने पर सहमति बनी. समिति के सदस्यों ने कहा कि बेहतर प्रकाश व्यवस्था से लोगों की सुरक्षा बढ़ेगी और शहर की सुंदरता में भी सुधार होगा.कूड़ा प्रबंधन को लेकर भी महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए.बड़ी मस्जिद के पीछे स्थित कूड़ा प्वाइंट को वहां से हटाकर सब्जी मंडी पुल के समीप स्थानांतरित करने का निर्णय लिया गया. समिति के सदस्यों ने कहा कि वर्तमान कूड़ा प्वाइंट के आसपास धार्मिक स्थल होने तथा घनी आबादी के कारण लोगों को दुर्गंध और गंदगी की समस्या का सामना करना पड़ता है. इसके हटने से स्थानीय व्यवसायियों और आम नागरिकों को राहत मिलेगी.इसके अलावा महादेवा रोड स्थित वीएम उच्च विद्यालय के सामने बने कूड़ा प्वाइंट का ईंटकरण और घेराबंदी कराने का निर्णय लिया गया.

नगर परिषद का कड़ा रुख, सफाई एजेंसी पर कार्रवाई की चेतावनी

वहीं डॉ. बीएल दास मोड़, डॉ. रामाजी चौधरी मोड़ तथा तरवारा मोड़ स्थित कूड़ा प्वाइंट को सुव्यवस्थित और स्वच्छ बनाने का भी फैसला लिया गया. बैठक में सफाई कार्य में लगी आउटसोर्सिंग एजेंसी के कार्यों और उसकी कार्यप्रणाली की समीक्षा की गई. मुख्य पार्षद सेम्पी देवी ने कहा कि नगर परिषद शहरवासियों को बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है. बैठक में लिए गए सभी निर्णयों को समयबद्ध तरीके से लागू किया जाएगा. उन्होंने कहा कि सफाई, प्रकाश व्यवस्था और कूड़ा प्रबंधन नगर परिषद की प्राथमिकताओं में शामिल हैं और इन क्षेत्रों में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.उपमुख्य पार्षद किरण गुप्ता ने कहा कि शहर की सफाई व्यवस्था में सुधार लाना नगर परिषद की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है. जनता की शिकायतों को गंभीरता से लिया जा रहा है. यदि एजेंसी अपने कार्य में सुधार नहीं करती है तो उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी. बैठक में कार्यपालक पदाधिकारी नीलम श्वेता, सिटी मैनेजर बालेश्वर राय, समिति सदस्य संतोष कुमार यादव, अर्चना देवी, पूजा देवी, पल्लवी प्रिया, शायदा खातून तथा प्रधान सहायक विनोद कुमार राम, आयुष तिवारी सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे.

Also Read : महुआ बाजार में बढ़ते जाम के खिलाफ मानवाधिकार संगठन ने उठाई आवाज

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: YUVRAJ RATAN

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >