सीवान में 14 और 17 जून को मद्य निषेध सिपाही परीक्षा, 19 केंद्रों पर 36 हजार से अधिक अभ्यर्थी होंगे शामिल

Siwan News: सीवान में 14 और 17 जून को मद्य निषेध सिपाही, कक्षपाल और चलंत दस्ता सिपाही पदों के लिए लिखित परीक्षा आयोजित होगी. 19 परीक्षा केंद्रों पर दो पालियों में परीक्षा होगी और कदाचार रोकने के लिए कड़े इंतजाम किए गए हैं.

Siwan News (मनीष गिरि): सीवान में केंद्रीय चयन पर्षद (सिपाही भर्ती) के तहत मद्य निषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग में मद्य निषेध सिपाही, गृह विभाग (कारा) में कक्षपाल तथा परिवहन विभाग में चलंत दस्ता सिपाही पदों पर चयन के लिए 14 जून और 17 जून को लिखित परीक्षा आयोजित की जाएगी. परीक्षा को निष्पक्ष, कदाचारमुक्त और शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं.

19 केंद्रों पर दो पालियों में होगी परीक्षा

परीक्षा दोनों दिनों में दो-दो पालियों में आयोजित की जाएगी. पहली पाली की परीक्षा सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली की परीक्षा शाम 3 बजे से 5 बजे तक होगी. सभी पालियों के लिए जिले में 19-19 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं.

14 जून को प्रथम और द्वितीय पाली में 9,144-9,144 अभ्यर्थी शामिल होंगे. वहीं 17 जून को भी दोनों पालियों में 9,144-9,144 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे. इस प्रकार चारों पालियों में कुल 36,576 अभ्यर्थियों के शामिल होने की संभावना है.

डीएम होंगे परीक्षा संयोजक

जिलाधिकारी को परीक्षा संयोजक और पुलिस अधीक्षक को सहायक परीक्षा संयोजक बनाया गया है. सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त संख्या में दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी और पुलिस बल की तैनाती की गई है.

अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र में परीक्षा शुरू होने से दो घंटे पहले यानी सुबह 8 बजे से प्रवेश दिया जाएगा. प्रवेश की प्रक्रिया सुबह 9 बजे तक चलेगी. इसके बाद किसी भी अभ्यर्थी को केंद्र में प्रवेश की अनुमति नहीं मिलेगी.

मोबाइल, स्मार्ट वॉच और ब्लूटूथ पर पूरी तरह प्रतिबंध

परीक्षा को कदाचारमुक्त बनाने के लिए व्यापक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं. प्रवेश पत्र (ई-एडमिट कार्ड) और वैध फोटो पहचान पत्र के बिना किसी भी अभ्यर्थी को परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं मिलेगा.

परीक्षा केंद्रों पर मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ डिवाइस, वाई-फाई गैजेट, कैलकुलेटर, इलेक्ट्रॉनिक पेन, पेजर, व्हाइटनर, ब्लेड और इरेजर जैसी वस्तुओं के प्रवेश पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा. किसी भी प्रकार की इलेक्ट्रॉनिक सामग्री मिलने पर इसे कदाचार माना जाएगा और कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

बायोमेट्रिक सत्यापन और वीडियोग्राफी होगी

परीक्षा के दौरान सभी अभ्यर्थियों का डिजिटल बायोमेट्रिक सत्यापन कराया जाएगा. दोनों हाथों के अंगूठों के निशान लिए जाएंगे तथा फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी भी की जाएगी. प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि फर्जी अभ्यर्थी बैठाने या ब्लूटूथ के उपयोग जैसे मामलों में संबंधित अभ्यर्थी के खिलाफ आपराधिक मुकदमा दर्ज कराया जाएगा.

Also Read: सीवान में मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर अलर्ट मोड में जिला प्रशासन, DM-SP ने संभाला मोर्चा

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Vikash Jha

विकाश झा एक अनुभवी डिजिटल पत्रकार और कंटेंट प्रोफेशनल हैं, जिन्हें मीडिया, डिजिटल कंटेंट और सोशल मीडिया कम्युनिकेशन के क्षेत्र में छह वर्षों से अधिक का अनुभव है। वर्तमान में वह प्रभात खबर में सीनियर कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने पटना यूनिवर्सिटी से मास कम्यूनिकेशन में स्नातक और माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय (MCU), भोपाल से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर की शिक्षा प्राप्त की है। पत्रकारिता की शुरुआत वर्ष 2020 में भोपाल से हुई, जिसके बाद उन्होंने ETV Bharat, Bharat Express और News24 जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में विभिन्न जिम्मेदार भूमिकाओं का निर्वहन किया। News24 से आगे बढ़ते हुए उन्होंने Adglobal360 India Pvt. Ltd. के माध्यम से बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) में कंटेंट राइटर के रूप में कार्य किया। स्पोर्ट्स, हाइपरलोकल और पॉलिटिकल पत्रकारिता उनकी विशेष रुचि और विशेषज्ञता के क्षेत्र हैं। क्रिकेट के प्रति उनका गहरा लगाव है और वे क्रिकेट को सिर्फ एक खेल नहीं, बल्कि अपनी लेखनी का महत्वपूर्ण विषय मानते हैं। उन्हें यात्रा करना, नए लोगों और स्थानों को जानना तथा समाज और राजनीति से जुड़े विषयों पर लिखना पसंद है। मूल रूप से बिहार के समस्तीपुर जिले के रहने वाले विकाश डिजिटल मीडिया की तेज रफ्तार दुनिया में तथ्यों पर आधारित, प्रभावशाली और पाठक-केंद्रित कंटेंट तैयार करने के लिए जाने जाते हैं।

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >