सीवान से अमर नाथ शर्मा की रिपोर्ट
Siwan News : सीवान जिले के जामो बाजार थाना क्षेत्र के बरहोगा बढ़ई टोला गांव में रविवार को हुई दर्दनाक घटनाओं की श्रृंखला ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया. दो दिनों से लापता एक अधेड़ व्यक्ति की लाश पोखरे से बरामद हुई, लेकिन त्रासदी यहीं नहीं रुकी. पिता की लाश देखने पहुंची बेटी की भी हाईटेंशन तार की चपेट में आने से मौत हो गई. कुछ ही पलों में एक परिवार ने पिता और बेटी दोनों को खो दिया. मृतक की पहचान बरहोगा बढ़ई टोला निवासी स्वर्गीय महंथ सिंह के पुत्र राजकिशोर सिंह के रूप में हुई है. वहीं उनकी पुत्री शशि माला की भी इस हादसे में जान चली गई. परिजनों के अनुसार, राजकिशोर सिंह 12 जून की दोपहर खेत की ओर जाने की बात कहकर घर से निकले थे.
दो दिन से लापता थे राजकिशोर सिंह, शव मिलने के बाद हुई दूसरी त्रासदी
उसी दिन आसपास की जमीन की नापी भी होनी थी, लेकिन वे वहां नहीं पहुंचे. देर शाम तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने खोजबीन शुरू की. रिश्तेदारों और परिचितों के यहां तलाश की गई, मगर उनका कोई सुराग नहीं मिला. रविवार को गांव से करीब एक किलोमीटर दूर स्थित पोखरे में एक शव मिलने की सूचना मिली. बेटे नवल कुमार सिंह मौके पर पहुंचे और शव की पहचान अपने पिता के रूप में की. सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया. इसी बीच, पिता की मौत की खबर सुनकर पुत्री शशि माला भी पोखरे के पास पहुंची.प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वह वहां मौजूद हाईटेंशन बिजली के तार की चपेट में आ गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई.
एक तरफ पिता की लाश, दूसरी तरफ बेटी का शव
यह दृश्य देखकर वहां मौजूद लोग सन्न रह गए. एक ओर पिता की लाश और दूसरी ओर बेटी का शव… इस मंजर ने पूरे गांव को गमगीन कर दिया. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. मृतक के पुत्र नवल कुमार सिंह ने आरोप लगाया है कि उनके पिता की सुनियोजित साजिश के तहत हत्या की गई है. उनका कहना है कि मामले की गहराई से जांच होनी चाहिए.
हादसा या साजिश? दो मौतों के मामले में पुलिस जांच में जुटी
वहीं पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया राजकिशोर सिंह की मौत पानी में डूबने से प्रतीत हो रही है. हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा. पुलिस ने पिता और पुत्री दोनों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया. राजकिशोर सिंह के शव का पोस्टमार्टम मेडिकल बोर्ड की निगरानी में कराया गया है. गांव में हर जुबान पर एक ही सवाल है. क्या यह महज हादसा था या इसके पीछे कोई गहरी साजिश छिपी है? फिलहाल पुलिस हर पहलू की जांच में जुटी हुई है.
Also Read : सीवान में वृद्ध दुकानदार की सिर में गोली मारकर हत्या, इलाके में सनसनी, जांच में जुटी पुलिस
