Siwan News (रंजीत कुमार यादव) : भारतीय जनता पार्टी द्वारा प्रखंड के सुघरी गांव स्थित प्रकाश विवाह भवन परिसर में आयोजित पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान के दो दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का शनिवार को भव्य उद्घाटन किया गया. जिला स्तरीय प्रशिक्षण शिविर का उद्घाटन पूर्व मंत्री एवं जाले विधायक जीवेश मिश्र, गोरियाकोठी विधायक देवेश कांत सिंह तथा जिला अध्यक्ष रंजीत कुमार ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया.
वैदिक मंत्रोच्चार और शंखनाद के साथ शुरू हुआ प्रशिक्षण महाभियान
प्रशिक्षण कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा सिवान पूर्वी जिला अध्यक्ष रंजीत कुमार ने की, जबकि मंच संचालन जिला महामंत्री अवधेश पांडेय ने किया. उद्घाटन से पूर्व अतिथियों ने परिसर में लगाई गई चित्र प्रदर्शनी एवं जिले की विभूतियों की तस्वीरों का अवलोकन किया तथा उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया. इसके बाद पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई.कार्यक्रम की शुरुआत वैदिक मंत्रोच्चार एवं शंखनाद के साथ हुई, जिससे पूरा प्रशिक्षण मंडप भक्तिमय और अनुशासित वातावरण में सराबोर हो गया.
प्रधानमंत्री मोदी की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का कार्यकर्ताओं से आह्वान
मुख्य अतिथि पूर्व मंत्री जीवेश मिश्र ने अपने संबोधन में कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार की प्राथमिकता समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक विकास और कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है. उन्होंने कहा कि भाजपा किसी वर्ग विशेष की राजनीति नहीं करती, बल्कि सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास के सिद्धांत पर कार्य करती है.उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना उनकी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है.उन्होंने कहा कि पार्टी के निष्ठावान और समर्पित कार्यकर्ता ही सरकार और जनता के बीच मजबूत कड़ी का काम करते हैं.
संगठन और सरकार के बीच बेहतर तालमेल जरूरी
इस अवसर पर मंत्री लखींद्र पासवान एवं भाजपा के राष्ट्रीय मंत्री ओम प्रकाश धनखड़ ने संगठन और सरकार के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने पर जोर दिया.उन्होंने कहा कि सरकार में रहने वालों की जिम्मेदारी है कि वे संगठन की भावनाओं और सुझावों को समझें, वहीं संगठन का दायित्व है कि वह सरकार की योजनाओं और नीतियों को आम जनता तक प्रभावी ढंग से पहुंचाए. गोरियाकोठी विधायक देवेश कांत सिंह ने कहा कि भाजपा में कार्यकर्ताओं का सर्वोच्च स्थान है और वही भविष्य के नेतृत्वकर्ता होते हैं.उन्होंने मातृशक्ति को पार्टी की बड़ी ताकत बताते हुए सभी कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर संगठन को मजबूत बनाने का संदेश दिया.
Also Read : सीवान: सेवानिवृत्त शिक्षक अशोक कुमार के सम्मान में विदाई समारोह आयोजित, छात्रों ने किया स्वागत गीत
