सीवान से रंजीत कुमार यादव की रिपोर्ट
Siwan News: सीवान जिले के भगवानपुर हाट थाना क्षेत्र में रविवार सुबह पूर्व के विवाद ने हिंसक रूप ले लिया. महमदा गांव में दो पट्टीदारों के बीच हुए खूनी संघर्ष में एक किशोर सहित तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई और तनाव का माहौल बन गया. सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल रेफर किया गया है.
पुरानी रंजिश ने लिया हिंसक रूप
जानकारी के अनुसार महमदा गांव के टोला में लंबे समय से चले आ रहे आपसी विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच अचानक झड़प हो गई. देखते ही देखते विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया और दोनों पक्षों के बीच मारपीट शुरू हो गई. घटना के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभालने की कोशिश की.
किशोर समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल
इस संघर्ष में 47 वर्षीय अरुण सिंह, 45 वर्षीय विजय सिंह और 15 वर्षीय अनुज कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए. स्थानीय लोगों की मदद से सभी को बसंतपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया. जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए सदर अस्पताल सीवान रेफर कर दिया.
कुल्हाड़ी और बंदूक से हमला करने का आरोप
घायलों ने आरोप लगाया है कि उनके पट्टीदारों ने पूर्व की रंजिश के कारण अचानक हमला किया. उनके अनुसार हमलावर कुल्हाड़ी और अन्य धारदार हथियारों से लैस थे तथा हमले के दौरान बंदूक का भी इस्तेमाल किया गया. विजय सिंह के माथे और कान पर गंभीर चोटें आई हैं, जबकि अनुज कुमार के माथे पर कुल्हाड़ी लगने से गहरा जख्म हुआ और कई टांके लगाने पड़े.
इन लोगों पर लगाया गया आरोप
पीड़ित पक्ष ने महमदा गांव निवासी रामेश्वर सिंह, कुनु सिंह तथा गोरेयाकोठी थाना क्षेत्र के लाखो टोला निवासी आकाश सिंह और सूरज कुमार पर हमले का आरोप लगाया है. बताया जा रहा है कि आकाश सिंह और सूरज कुमार अपने ननिहाल महमदा गांव में रह रहे थे.
घटना के बाद गांव में बढ़ा तनाव
खूनी संघर्ष के बाद गांव में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया. ग्रामीणों के बीच किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए पुलिस लगातार निगरानी कर रही है.
पुलिस जांच में जुटी
मामले की जांच कर रहे आशुतोष कुमार सिंह ने बताया कि पीड़ित पक्ष से आवेदन मिलने के बाद प्राथमिकी दर्ज कर विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने कहा कि पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
ग्रामीणों में दहशत
घटना के बाद गांव के लोगों में दहशत का माहौल है. पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं और दोषियों के खिलाफ साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी.
Also Read: सीवान में दो पक्षों में जमकर मारपीट, 3 महिलाएं समेत 4 लोग घायल, जांच में जुटी पुलिस
