Siwan News: (सीवान से विवेक कुमार सिंह की रिपोर्ट)
शहर के महादेवा रोड स्थित जिला परिषद सभागार में शुक्रवार को नगर परिषद की स्थायी सशक्त समिति के गठन को लेकर आयोजित चुनाव शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो गया. चुनाव को लेकर दिनभर राजनीतिक हलचल तेज रही और सभागार परिसर में पार्षदों व समर्थकों की भारी भीड़ जुटी रही.
पांच प्रत्याशी बने विजेता
चुनाव में पूजा देवी,पल्लवी प्रिया,अर्चना देवी, शैयदा खातून और संतोष यादव ने जीत दर्ज की.परिणाम घोषित होते ही समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ पड़ी और पूरे परिसर में जश्न का माहौल बन गया.
प्रशासन की कड़ी निगरानी में हुआ मतदान
चुनाव प्रक्रिया उप विकास आयुक्त मुकेश कुमार की देखरेख में संपन्न कराई गई. मतदान स्थल पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे और पुलिस बल की तैनाती की गई थी. प्रशासन पूरे समय चुनाव प्रक्रिया पर नजर बनाए हुए था.
नामांकन से लेकर मतदान तक दिखा उत्साह
निर्वाचन कार्यक्रम के तहत सबसे पहले प्रत्याशियों ने पांचों पदों के लिए नामांकन पत्र दाखिल किया. इसके बाद निर्धारित समय पर नगर परिषद के पार्षदों ने मतदान किया. मतदान के दौरान पार्षदों में खासा उत्साह देखने को मिला.
मतगणना पूरी होते ही गूंजे जीत के नारे
मतदान समाप्त होने के बाद उप विकास आयुक्त की निगरानी में मतगणना शुरू कराई गई. परिणाम घोषित होते ही विजयी प्रत्याशियों के समर्थक खुशी से झूम उठे. सभागार परिसर में समर्थकों ने फूल-मालाओं से स्वागत किया और मिठाई बांटकर जीत का जश्न मनाया.
दिनभर गर्म रहा राजनीतिक माहौल
चुनाव को लेकर सुबह से ही पार्षदों और समर्थकों के बीच चर्चाओं का दौर चलता रहा. परिणाम आने के बाद पूरे दिन नगर परिषद की राजनीति गर्म रही और विजयी उम्मीदवारों के समर्थकों में उत्साह का माहौल बना रहा.
