सीवान में बंद घर से लाखों की चोरी मामले में हिरासत में दो संदिग्ध, पुलिस कर रही पूछताछ

Siwan News: सीवान के गुठनी थाना क्षेत्र के खिलवा गांव में बंद मकान से लाखों रुपये के आभूषण एवं कीमती सामान की चोरी के मामले में पुलिस ने दो संदिग्ध लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है.

Siwan News: (गुठनी से चंद्र प्रकाश दुबे की रिपोर्ट)
सीवान के गुठनी थाना क्षेत्र के खिलवा गांव में बंद मकान से लाखों रुपये के आभूषण एवं कीमती सामान की चोरी के मामले में पुलिस ने दो संदिग्ध लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है. पुलिस तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच में जुटी हुई है.

दीपक जलाने पहुंची गृहस्वामी की मां को हुई थी घटना की जानकारी

जानकारी के अनुसार सोमवार की देर रात चोरों ने चंदन उर्फ छोटे तिवारी के बंद मकान को निशाना बनाया था.घटना की जानकारी मंगलवार की शाम उस समय हुई, जब गृहस्वामी की मां शांति देवी दूसरे मकान से दीपक जलाने पहुंचीं. मुख्य दरवाजे का ताला टूटा देख उन्होंने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे.

तीन कमरों का ताला तोड़कर लाखों की संपत्ति ले उड़े चोर

चोरों ने मुख्य दरवाजे के अलावा घर के तीन कमरों का ताला तोड़ दिया. इसके बाद अलमारी, बक्सा और बेड ट्रंक को खंगालकर उसमें रखे आभूषण,जरूरी कागजात, बर्तन, गैस सिलेंडर, इनवर्टर, बैटरी समेत अन्य कीमती सामान चोरी कर लिया. गृहस्वामी चंदन उर्फ छोटे तिवारी विदेश में रहते हैं, जबकि उनकी पत्नी रूबी देवी अपने बच्चों के साथ मायके गई हुई थीं. पीड़िता के अनुसार करीब दस लाख रुपये मूल्य की संपत्ति चोरी हुई है.

गांव के बाहरी हिस्से में है मकान

ग्रामीणों ने बताया कि मकान गांव के बाहरी हिस्से में स्थित होने के कारण चोरी की घटना की भनक किसी को नहीं लग सकी. सूचना मिलने के बाद गुठनी थानाध्यक्ष सुनील कुमार और एएसआई रंजीत कुमार मौके पर पहुंचे तथा घटनास्थल का निरीक्षण किया.

टेक्निकल टीम ने जुटाए साक्ष्य

चोरी की घटना की जांच के लिए बुधवार को दो सदस्यीय टेक्निकल टीम भी घटनास्थल पर पहुंची. टीम ने टावर लोकेशन, कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर), कमरों की स्थिति तथा मुख्य दरवाजे की तकनीकी जांच की. साथ ही आसपास उपलब्ध सीसीटीवी फुटेज और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों को भी खंगाला गया.

दो संदिग्धों से पूछताछ जारी

पुलिस सूत्रों के अनुसार टावर लोकेशन, सीडीआर और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर दो संदिग्ध लोगों को हिरासत में लिया गया है. उनसे गहन पूछताछ की जा रही है. हालांकि थानाध्यक्ष सुनील कुमार ने हिरासत में लिए गए लोगों के संबंध में कोई आधिकारिक जानकारी देने से इंकार किया है. थानाध्यक्ष ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है. तकनीकी टीम द्वारा महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए गए हैं और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा कर लिया जाएगा. पुलिस चोरी में शामिल अन्य संभावित आरोपितों की भी तलाश कर रही है.

Also Read: संगठन से सत्ता तक बढ़ी सीवान भाजपा की ताकत, महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों से बढ़ा जिले का राजनीतिक कद

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Sakshi kumari

साक्षी देश के प्रथम राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद की धरती सीवान से आती हैं. पत्रकारिता में करियर की शुरुआत News4Nation के साथ की. 3 सालों तक डिजिटल माध्यम से पत्रकारिता करने के बाद वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल के साथ कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं. बिहार की राजनीति में रुचि रखती हैं. हर दिन नया सीखने के लिए इच्छुक रहती हैं.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >