Siwan News: (शिवनाथ पांडेय) सीवान जिले के नौतन प्रखंड मुख्यालय स्थित नवस्वीकृत डिग्री कॉलेज का संचालन 15 जुलाई से शुरू होने जा रहा है. कॉलेज के उद्घाटन को लेकर प्रशासन और शिक्षा विभाग तैयारियों में जुटा हुआ है. कॉलेज भवन की मरम्मत, रंगाई-पुताई और साफ-सफाई का कार्य अंतिम चरण में पहुंच गया है.
हाई स्कूल भवन में होगा कॉलेज का संचालन
डिग्री कॉलेज की स्वीकृति मिलने के बाद फिलहाल इसके संचालन के लिए पूर्व से संचालित हाई स्कूल भवन का चयन किया गया है. भवन को कॉलेज संचालन के अनुरूप तैयार किया जा रहा है, ताकि छात्र-छात्राओं को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिल सके.
15 जुलाई से शुरू होगी पढ़ाई
प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी ने बताया कि 15 जुलाई से कॉलेज का विधिवत संचालन शुरू कर दिया जाएगा. उद्घाटन को लेकर सभी आवश्यक तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं और शेष कार्य तेजी से पूरा किया जा रहा है.
31 सीटों में 28 छात्रों का हो चुका है नामांकन
कॉलेज के प्रोफेसर डॉ. शमशाद अंसारी ने बताया कि प्रथम चरण में 31 छात्रों के नामांकन की स्वीकृति मिली है. इनमें से 28 छात्र-छात्राओं का नामांकन पूरा हो चुका है. तीन अभ्यर्थियों ने ऑनलाइन आवेदन किया है, लेकिन अभी तक नामांकन के लिए कॉलेज नहीं पहुंचे हैं. ऐसे छात्रों की सुविधा को देखते हुए नामांकन की अंतिम तिथि 18 जुलाई तक बढ़ा दी गई है.
अब छात्रों को डिग्री के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा
डिग्री कॉलेज शुरू होने से नौतन और आसपास के क्षेत्रों के छात्र-छात्राओं को उच्च शिक्षा के लिए दूर-दराज के कॉलेजों का रुख नहीं करना पड़ेगा. स्थानीय स्तर पर ही स्नातक की पढ़ाई की सुविधा मिलने से हजारों विद्यार्थियों को लाभ होगा.
इसे भी पढ़ें: अनंत सिंह और गुंजन सिंह गोपालगंज कोर्ट में सरेंडर करने पहुंचे, मिली स्थायी जमानत, जानें पूरा केस
