सीवान से शिवनाथ पांडेय की रिपोर्ट
Siwan Nal Jal yojna: सीवान में नल-जल योजना के जरिए हर घर तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाने का दावा किया गया था, लेकिन नौतन प्रखंड के वार्ड नंबर 10 के लोगों के लिए यह योजना अब तक सिर्फ कागजों और पानी टंकी तक सीमित है. लाखों रुपये खर्च होने के बावजूद वर्षों बाद भी एक बूंद पानी लोगों के घरों तक नहीं पहुंच सका है. भीषण गर्मी में लोग दूषित पानी पीने को मजबूर हैं और जिम्मेदार विभाग एक-दूसरे पर जिम्मेदारी डाल रहे हैं.
क्या है पूरा मामला
वार्ड नंबर 10 के निवासियों का आरोप है कि नल-जल योजना के तहत पानी टंकी का निर्माण तो कर दिया गया, लेकिन आज तक जलापूर्ति शुरू नहीं हो सकी. वर्षों बीत जाने के बाद भी लोगों को योजना का लाभ नहीं मिला है. हालत यह है कि लोग केवल टंकी को देखकर संतोष करने को मजबूर हैं.
प्रखंड मुख्यालय का वार्ड होने के बावजूद नहीं मिली सुविधा
सबसे हैरानी की बात यह है कि जिस वार्ड में प्रखंड और अंचल कार्यालय स्थित हैं. वहीं के लोगों को नल-जल योजना का लाभ नहीं मिल पा रहा है. इसी वार्ड के अंतर्गत उच्च विद्यालय, इंटर कॉलेज, बाल विकास परियोजना कार्यालय, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और नौतन बाजार जैसे महत्वपूर्ण संस्थान भी आते हैं. इसके बावजूद समस्या जस की तस बनी हुई है.
भीषण गर्मी में दूषित पानी पीने को मजबूर लोग
स्थानीय लोगों का कहना है कि गर्मी के मौसम में जल संकट और गंभीर हो जाता है. स्वच्छ पेयजल उपलब्ध नहीं होने के कारण कई परिवारों को दूषित जल स्रोतों पर निर्भर रहना पड़ रहा है. इससे स्वास्थ्य संबंधी खतरे भी बढ़ रहे हैं.
कई बार उठी आवाज, फिर भी नहीं निकला समाधान
ग्रामीणों और वार्डवासियों का कहना है कि वे कई बार इस समस्या को लेकर अधिकारियों के समक्ष अपनी बात रख चुके हैं. जनप्रतिनिधियों और संबंधित विभागों से भी शिकायत की गई, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकल पाया है.
Siwan Nal Jal yojna: इस मामले में अधिकारियों ने क्या कहा?
प्रखंड विकास पदाधिकारी अंजलि कुमारी ने बताया कि उनके स्तर से भी कई बार लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग (पीएचईडी) को पत्र भेजा जा चुका है. उन्होंने कहा कि विभाग को योजना शुरू कराने के लिए लगातार अनुरोध किया गया है.
वहीं पीएचईडी विभाग के जूनियर इंजीनियर अखिलेश कुमार ने दावा किया है कि सोमवार से कार्य शुरू करा दिया जाएगा. हालांकि स्थानीय लोगों का कहना है कि उन्हें पहले भी कई बार इसी तरह का आश्वासन दिया जा चुका है.
क्या इस बार पूरा होगा इंतजार?
वार्ड नंबर 10 के लोगों की निगाहें अब एक बार फिर विभागीय कार्रवाई पर टिकी हैं. लोगों का कहना है कि यदि इस बार भी काम शुरू नहीं हुआ तो उनका भरोसा पूरी तरह टूट जाएगा. भीषण गर्मी के बीच अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या वर्षों से बंद पड़ी नल-जल योजना आखिरकार धरातल पर उतर पाएगी.
विभाग ने दिया आश्वासन
पीएचईडी विभाग ने सोमवार से काम शुरू करने का आश्वासन दिया है. यदि विभाग अपने दावे पर अमल करता है तो वार्ड नंबर 10 के हजारों लोगों को स्वच्छ पेयजल की सुविधा मिल सकती है. अब लोगों को विभागीय कार्रवाई का इंतजार है.
Also Read: सीवान में बिजल कटौती के खिलाफ सड़क पर उतरी भाकपा माले, विभाग को सौंपा ज्ञापन, तालाबंदी की चेतावनी
