सीवान से अरविंद की रिपोर्ट
Siwan Muharram Traffic Plan: मुहर्रम पर्व को लेकर सीवान पुलिस ने विशेष ट्रैफिक प्लान जारी किया है. पर्व के दौरान सुरक्षा और यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए शहर के कई प्रमुख मार्गों पर वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी. 25 जून की शाम से बड़े वाहनों के प्रवेश पर रोक लागू होगी, जबकि ताजिया जुलूस मार्गों पर भी विशेष प्रतिबंध लगाए गए हैं.
मुहर्रम को लेकर सीवान पुलिस ने जारी किया ट्रैफिक प्लान
दरअसल, आगामी मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए सीवान पुलिस ने नया ट्रैफिक प्लान लागू किया है. पुलिस अधीक्षक कार्यालय की ओर से जारी आदेश के अनुसार जुलूस के दौरान भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए कई मार्गों पर यातायात प्रतिबंध लगाया गया है.
25 जून शाम 6 बजे से बड़े वाहनों की एंट्री रहेगी बंद
पुलिस के अनुसार 25 जून 2026 की शाम 6 बजे से 26 जून 2026 की सुबह 4 बजे तक दरोगा राय कॉलेज से गोपालगंज मोड़ तक बड़े वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा. इसके अलावा तरवारा मोड़ से बबुनिया मोड़ और जनता लॉज-अस्पताल मोड़ से चकिया मोड़ तक भी बड़े वाहनों की आवाजाही पर रोक रहेगी.
ताजिया जुलूस मार्ग पर दोपहर 3 बजे बाद सभी वाहनों का प्रवेश बंद
ताजिया जुलूस को देखते हुए दरबार मस्जिद से शांति वट वृक्ष और डीएवी कॉलेज मोड़ तक चारपहिया, तीनपहिया वाहनों और ई-रिक्शा के प्रवेश पर रोक लगाई गई है. यह प्रतिबंध जुलूस शुरू होने से लेकर उसके समाप्त होने तक प्रभावी रहेगा.
इन प्रमुख मार्गों पर नहीं चलेगा कोई वाहन
महेन्द्रा शोरूम और पुराना किला से होकर गुजरने वाले ताजिया अखाड़ा मार्ग पर दोपहर 3 बजे के बाद किसी भी वाहन के प्रवेश की अनुमति नहीं होगी. पुराना किला, चूड़ी मंडी, शांति वट वृक्ष, मौलेश्वरी चौक, नया किला, नवलपुर वट-वृक्ष, नवलपुर रेलवे लाइन और करबला तक का पूरा मार्ग प्रतिबंधित क्षेत्र में शामिल रहेगा.श्रीनगर बाजार स्थित एसबीआई बैंक से दाहा नदी करबला तक भी दोपहर 3 बजे के बाद वाहनों का प्रवेश और निकास बंद रहेगा.
बाहर से आने वाले वाहनों के लिए रूट डायवर्जन लागू
गुठनी थाना क्षेत्र की ओर से आने वाले बड़े ट्रक और अन्य भारी वाहनों को गुठनी, दरौली, रघुनाथपुर और सिसवन मार्ग से डायवर्ट किया जाएगा. इन वाहनों को शहर में प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा.
शहर में आने वाले वाहन इन रास्तों का करें उपयोग
शहर आने वाले वाहनों का आवागमन दरोगा राय कॉलेज से दाहिने मुड़कर रेनुआ और आन्दर ढाला होते हुए सिसवन ढाला चौराहा तक होगा. वहां से वाहन बाईं ओर मुड़कर चमड़ा मंडी और हरदिया मार्ग का उपयोग कर सकेंगे.
सुदर्शन चौक से आने वाले लोग बाईं ओर मुड़कर छोटपुर होते हुए बाईपास मार्ग का उपयोग कर सकते हैं.
पुलिस ने नागरिकों से की सहयोग की अपील
सीवान पुलिस ने लोगों से ट्रैफिक प्लान का पालन करने और प्रतिबंधित मार्गों पर जाने से बचने की अपील की है. नगर, मुफस्सिल, सराय, महादेवा और यातायात थाना के थानाध्यक्षों को व्यवस्था लागू कराने की जिम्मेदारी दी गई है.
Also Read: siwan weather : 25 जून को कैसा रहेगा सीवान का मौसम
