सीवान में चाकूबाजी के आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर प्रदर्शन, घंटों सड़क जाम; तीन दिन में गिरफ्तारी का आश्वासन

Lakhnawra Knife Attack: लकड़ी नवीगंज में चाकूबाजी की घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने लखनौरा सब्जी मंडी में आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर प्रदर्शन किया. टायर जलाकर सड़क जाम करने वाले प्रदर्शनकारियों को अधिकारियों ने तीन दिन में गिरफ्तारी का आश्वासन दिया.

Lakhnawra Knife Attack: लकड़ी नवीगंज. थाना क्षेत्र के लखनौरा सब्जी मंडी स्थित साइबर दुकान में आठ सितंबर की शाम हुई चाकूबाजी की घटना में नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर शुक्रवार की सुबह ग्रामीणों और परिजनों ने विरोध प्रदर्शन किया. आक्रोशित लोगों ने सड़क पर टायर जलाकर आगजनी की और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की.

प्रदर्शन की सूचना मिलते ही महाराजगंज एसडीओ अनीता सिंह, लकड़ी नवीगंज थानाध्यक्ष सविता कुमारी और अंचल अधिकारी कुमारी नेहा मौके पर पहुंचीं. अधिकारियों ने प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों और परिजनों को तीन दिनों के अंदर आरोपियों की गिरफ्तारी का आश्वासन दिया. इसके बाद लोगों ने प्रदर्शन समाप्त कर दिया.

चार नामजद समेत दो अज्ञात पर प्राथमिकी

जानकारी के अनुसार, आठ सितंबर को लखनौरा सब्जी मंडी स्थित साइबर दुकान में राजू प्रसाद के पुत्र कुशल कुमार प्रसाद पर चाकू से हमला किया गया था. घायल युवक के फर्द बयान के आधार पर नरहरपुर गांव निवासी वीर बहादुर सिंह, किशनपुरा गांव निवासी अजय सिंह और आकाश सिंह समेत चार नामजद तथा दो अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गयी है. मामले में लकड़ी नवीगंज थाना कांड संख्या 247/26 दर्ज है.

थानाध्यक्ष सविता कुमारी ने बताया कि घटना की रात ही आकाश कुमार सिंह को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया था. शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है. पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर घटना में शामिल अन्य लोगों की पहचान करने में जुटी है.

चाय और सिगरेट पीने को लेकर शुरू हुआ था विवाद

पुलिस के अनुसार, घटना से पहले जोगी बाबा स्थल स्थित भोपतपुर नंबर 331 मार्ग पर वीर बहादुर सिंह की चाय दुकान में चाय और सिगरेट पीने को लेकर विवाद हुआ था. इसके बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई. आरोप है कि बाद में वीर बहादुर सिंह और उनके साथी लखनौरा सब्जी मंडी पहुंचे, जहां दोनों पक्षों के बीच दोबारा मारपीट हुई.

इसी दौरान चाकूबाजी होने की बात सामने आयी. इसमें वीर बहादुर सिंह के हाथ में भी चाकू लगने की जानकारी पुलिस को मिली है. इसके बाद हुई झड़प में कुशल कुमार प्रसाद घायल हो गये. परिजनों ने उन्हें बसंतपुर अस्पताल में भर्ती कराया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने सीवान सदर अस्पताल रेफर कर दिया. सीवान सदर अस्पताल में कुशल कुमार प्रसाद का फर्द बयान दर्ज किया गया.

कथित साढ़े चार लाख रुपये लूट की भी जांच

पुलिस चाकूबाजी की घटना के साथ कथित चार लाख 50 हजार रुपये लूटने के आरोप की भी जांच कर रही है. सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस घटना की वास्तविक स्थिति का पता लगाने में जुटी है. पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद मामले में स्थिति स्पष्ट होगी.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By मनीष गिरि

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >