सीवान में खरवार समाज को मिलने लगा अनुसूचित जनजाति (ST) जाति प्रमाण पत्र, पहले दिन दो लोगों को मिला लाभ

सीवान में खरवार जाति के लोगों के लिए अनुसूचित जनजाति (ST) का जाति प्रमाण पत्र जारी होना शुरू हो गया है. पहले दिन दो लोगों को प्रमाण पत्र मिलने से समाज में खुशी की लहर दौड़ गई. इससे शिक्षा और रोजगार के अवसरों में वृद्धि होगी.

सीवान: लंबे इंतजार के बाद गुरुवार को सीवान सदर अंचल में खरवार जाति के लोगों के लिए अनुसूचित जनजाति (ST) का जाति प्रमाण पत्र जारी होना शुरू हो गया. पहले ही दिन दो लोगों के नाम से प्रमाण पत्र निर्गत होने के बाद खरवार समाज में खुशी की लहर दौड़ गई. समाज के लोगों ने इसे अपने अधिकारों की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया.

पहले दिन दो लोगों को मिला प्रमाण पत्र

युवा खरवार महासभा के जिला अध्यक्ष बृजमोहन खरवार ने बताया कि सदर प्रखंड के बघड़ा गांव निवासी बृजमोहन खरवार और पवन कुमार के नाम से अनुसूचित जनजाति का जाति प्रमाण पत्र जारी किया गया है. उन्होंने कहा कि समाज के लोग वर्षों से इस प्रक्रिया के शुरू होने की प्रतीक्षा कर रहे थे.

शिक्षा और रोजगार में मिलेगा लाभ

उन्होंने कहा कि जाति प्रमाण पत्र मिलने से अब समाज के लोगों को शिक्षा, रोजगार, छात्रवृत्ति तथा अनुसूचित जनजाति वर्ग के लिए निर्धारित अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ आसानी से मिल सकेगा. इससे विशेष रूप से युवाओं और विद्यार्थियों को सीधा फायदा होगा.

अन्य अंचलों में भी शुरू हुई प्रक्रिया

महासभा के महासचिव विनोद कुमार ने बताया कि केवल सीवान सदर अंचल ही नहीं, बल्कि सीवान सदर और महाराजगंज अनुमंडल के सभी अंचलों में भी खरवार जाति के लिए अनुसूचित जनजाति का जाति प्रमाण पत्र जारी किया जाने लगा है. उन्होंने उम्मीद जताई कि जिन लोगों ने आवेदन किया है, उनके प्रमाण पत्र भी जल्द निर्गत होंगे.

समाज ने बताया ऐतिहासिक उपलब्धि

जाति प्रमाण पत्र जारी होने की सूचना मिलते ही समाज के लोग एकत्रित हुए और इसे ऐतिहासिक उपलब्धि बताया. उन्होंने कहा कि लंबे समय से चली आ रही मांग पूरी होने से समाज के लोगों में नया विश्वास जगा है और अब उन्हें अपनी पहचान से जुड़े आवश्यक दस्तावेज प्राप्त करने में किसी प्रकार की कठिनाई नहीं होगी.

बड़ी संख्या में मौजूद रहे समाज के लोग

इस अवसर पर युवा खरवार महासभा के जिला अध्यक्ष बृजमोहन खरवार, उपाध्यक्ष मनोज खरवार, महासचिव विनोद कुमार, आनंद कुमार खरवार, उमेश कुमार खरवार, संगम कुमार खरवार, राम सुदिश खरवार, जवाहर खरवार, मुकुल खरवार, रागिनी खरवार, हीरामन खरवार, पवन कुमार खरवार, देव सुंदर खरवार, दीनानाथ खरवार, मुन्ना कुमार खरवार, रवि रंजन खरवार, निरंजन कुमार खरवार, सुकेश कुमार खरवार, राजू खरवार, संदीप कुमार खरवार सहित बड़ी संख्या में समाज के लोग उपस्थित रहे.

Also Read:पटना यूनिवर्सिटी के शिक्षक और कर्मचारी निकले लोक भवन मार्च के लिए, जानिए क्यों कर रहे नये विधेयक का विरोध


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Prabhat khabar news desk

Published by: Vivek Ranjan

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >