सीवान जिले के युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग, बिहार के तत्वावधान में जिला नियोजनालय, सिवान द्वारा 21 एवं 31 अगस्त को एक दिवसीय जॉब कैंप का आयोजन किया जायेगा. दोनों दिनों जॉब कैंप सुबह 11 बजे से शाम तीन बजे तक चलेगा.
21 को डीआरसीसी में लगेगा कैंप
21 अगस्त को जॉब कैंप का आयोजन जिला निबंधन एवं परामर्श केंद्र (डीआरसीसी), सीवान में होगा. वहीं 31 अगस्त को कैंप Param Skill Training India Pvt. Ltd., सम्राट मैरिज हॉल के पास, गंडक स्कूल बसंतपुर रोड, तरवारा बाजार, सिवान में आयोजित किया जाएगा. जॉब कैंप में Netambit Value First Services Pvt. Ltd. (Airtel Payment Bank) द्वारा ABDE एवं ZTE पदों के लिए अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा. इन पदों के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 10+2 उत्तीर्ण निर्धारित की गयी है. अभ्यर्थियों की उम्र 18 से 35 वर्ष के बीच होनी चाहिए.
फेस-टू-फेस इंटरव्यू से होगा चयन
चयनित अभ्यर्थियों को 12,500 रुपये प्रतिमाह वेतन के साथ इंसेंटिव एवं कमीशन का लाभ मिलेगा. नौकरी का स्वरूप फील्ड जॉब होगा तथा कार्यस्थल सीवान निर्धारित किया गया है. अभ्यर्थियों का चयन फेस-टू-फेस इंटरव्यू के माध्यम से किया जायेगा. जिला नियोजनालय ने जिले के योग्य एवं इच्छुक युवाओं से निर्धारित तिथि और समय पर आवश्यक प्रमाणपत्रों के साथ जॉब कैंप में शामिल होने की अपील की है. विभाग के अनुसार, ऐसे रोजगार शिविरों के माध्यम से जिले के युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है.
