Independence Day 2026: 15 अगस्त 2026 को 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिले के सभी सरकारी विद्यालयों में स्वतंत्रता दिवस समारोह का आयोजन अनिवार्य रूप से किया जायेगा. इसको लेकर बिहार शिक्षा विभाग के निदेशक (प्रशासन) यतेंद्र कुमार पाल ने जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी एवं सभी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किया है.
विभाग ने विद्यालयों में स्वतंत्रता दिवस समारोह राष्ट्रीय गौरव और उत्साह के साथ आयोजित करने तथा भारतीय झंडा संहिता 2002 के प्रावधानों का पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है.
शिक्षक, कर्मी और छात्र-छात्राओं की उपस्थिति अनिवार्य
जारी निर्देश के अनुसार स्वतंत्रता दिवस समारोह में विद्यालय के सभी शिक्षक, शिक्षकेतर कर्मचारी एवं छात्र-छात्राओं की उपस्थिति अनिवार्य होगी. विद्यालयों में झंडोत्तोलन के लिए अध्यक्ष, प्रबंध समिति अथवा शिक्षा समिति से अनुरोध किया जायेगा.
यदि अध्यक्ष या संबंधित समिति के प्रतिनिधि उपलब्ध नहीं होते हैं, तो विद्यालय प्रधान झंडोत्तोलन करेंगे. वहीं, विद्यालय प्रधान की अनुपस्थिति में विद्यालय के वरीय शिक्षक द्वारा झंडोत्तोलन किया जायेगा.
झंडा संहिता के नियमों का करना होगा पालन
शिक्षा विभाग ने स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान और भारतीय झंडा संहिता 2002 के नियमों का पूरी तरह पालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया है. विद्यालय स्तर पर समारोह को व्यवस्थित और गरिमापूर्ण तरीके से आयोजित करने की जिम्मेदारी संबंधित विद्यालय प्रधान एवं शिक्षा पदाधिकारियों की होगी.
इसे भी पढ़ें:18 अगस्त से पटना में आमरण अनशन करेंगे छात्र, TRE-4, शिक्षा मंत्री का इस्तीफा समेत कई हैं मांगें
