Juloos-e-Mohammadi: हजरत मोहम्मद साहब के जन्म दिवस ईद मिलादुन्नबी के अवसर पर बुधवार को जिला मुख्यालय समेत ग्रामीण इलाकों में जुलूस-ए-मोहम्मदी निकाला गया. इस दौरान लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला. विभिन्न स्थानों से निकले जुलूस निर्धारित मार्गों से होते हुए गंतव्य स्थल ग्यारहवीं मस्जिद पहुंचे. जुलूस में शामिल लोगों ने हाथों में तिरंगा और धार्मिक परचम लेकर देशभक्ति और भाईचारे का संदेश दिया.
जुलूस में सिर पर रंग-बिरंगे साफे और टोपी पहने लोग शामिल हुए. कई लोग बग्घी, घोड़े तथा दोपहिया और चारपहिया वाहनों पर सवार होकर जुलूस में पहुंचे. इस दौरान ‘नबी की आमद मरहबा’, ‘सरकार की आमद मरहबा’ और ‘हुजूर की आमद मरहबा’ की सदाएं गूंजती रहीं. शहर के दरबार, अस्पताल मोड़, बड़ी मस्जिद, थाना रोड, नया किला, पुरानी किला, तेलहट्टा, बैलहट्टा, शांति वट वृक्ष, स्टेशन रोड और मखदुम सराय समेत विभिन्न इलाकों से जुलूस निकाला गया.
रंग-बिरंगी झालरों से सजे घर और मस्जिद
ईद मिलादुन्नबी को लेकर शहर के विभिन्न गली-मुहल्लों और मस्जिदों को रंग-बिरंगी झालरों और रोशनी से सजाया गया था. जगह-जगह इस्लामी झंडे भी लगाये गये थे. जुलूस के दौरान पूरा इलाका धार्मिक नारों से गूंजता रहा. पर्व को लेकर खासकर युवाओं और बच्चों में काफी उत्साह देखने को मिला. लोगों ने एक-दूसरे को पर्व की बधाई दी.
जगह-जगह पानी और भोजन की व्यवस्था
जुलूस में शामिल लोगों की सुविधा के लिए विभिन्न स्थानों पर पानी पिलाने के स्टॉल लगाये गये थे. कई जगहों पर भोजन की भी व्यवस्था की गयी थी. जुलूस में शामिल लोग इन स्टॉलों पर पानी और भोजन ग्रहण करने के बाद फिर जुलूस में शामिल होते रहे.
तिरंगे के साथ दिखा देशभक्ति का जज्बा
जुलूस में बड़ी संख्या में बच्चे, युवा और बुजुर्ग शामिल हुए. कई लोगों के हाथों में तिरंगा झंडा नजर आया. इससे जुलूस में धार्मिक आस्था के साथ देशभक्ति का जज्बा भी देखने को मिला.
सुरक्षा को लेकर तैनात रही पुलिस
जुलूस को लेकर जिला प्रशासन की ओर से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किये गये थे. विभिन्न स्थानों पर पुलिस बल की तैनाती की गयी थी. सदर एसडीओ आशुतोष गुप्ता, एसडीपीओ अजय कुमार सिंह और नगर थानाध्यक्ष अविनाश कुमार दलबल के साथ सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी करते रहे. यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के लिए पुलिस लगातार प्रयासरत रही.
मुस्लिम कमेटी की ओर से भी जुलूस में शामिल लोगों से वाहनों को रास्ता देने और एंबुलेंस समेत अन्य जरूरी वाहनों को आसानी से गुजरने देने की अपील की गयी. भीड़ के कारण जेपी चौक का एक हिस्सा कुछ देर के लिए बंद रहा.
इसे भी पढ़ें: भरत तिवारी मामले पर बोले सीएम सम्राट चौधरी, कहा- मैं किसी जाति या धर्म का विरोधी नहीं, सुशासन का समर्थक हूं
