सीवान के दरौंदा में प्रेमी युगल ने मंदिर में लिए सात फेरे, परिवार की सहमति से हुआ विवाह

सीवान के दरौंदा में वर्षों से प्रेम करने वाले युवक-युवती का परिवार और ग्रामीणों की सहमति से मंदिर में विवाह हुआ. भोलेनाथ को साक्षी मानकर दोनों ने सात फेरे लिये.

Family Consent Marriage: सीवान जिले के दरौंदा प्रखंड से प्रेम, सामाजिक सौहार्द और पारिवारिक सहमति की एक प्रेरणादायक मिसाल सामने आयी है. वर्षों से एक-दूसरे से प्रेम करने वाले युवक-युवती के रिश्ते को आखिरकार परिवार और समाज की स्वीकृति मिल गयी. ग्रामीणों की पहल और दोनों परिवारों की सहमति के बाद बगौरा शिवाले शिव मंदिर में पूरे हिंदू रीति-रिवाज के साथ दोनों का विवाह कराया गया. इस पहल की क्षेत्र में खूब सराहना हो रही है.

गुरुवार को बगौरा शिवाले शिव मंदिर में उस समय खुशियों का माहौल बन गया, जब लंबे समय से प्रेम संबंध में रहे युवक-युवती ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच सात फेरे लेकर जीवनभर एक-दूसरे का साथ निभाने का संकल्प लिया. मंदिर परिसर में पंडित ने विधि-विधान से विवाह की सभी रस्में पूरी करायीं. भगवान भोलेनाथ को साक्षी मानकर युवक ने युवती की मांग में सिंदूर भरकर उसे अपनी अर्धांगिनी स्वीकार किया.

लंबे समय से प्रेम करते थे युवक-युवती

जानकारी के अनुसार, दोनों युवक-युवती एक ही गांव के रहने वाले हैं और लंबे समय से एक-दूसरे से प्रेम करते थे. दोनों विवाह करना चाहते थे, लेकिन पारिवारिक और सामाजिक परिस्थितियों के कारण उनका रिश्ता विवाह तक नहीं पहुंच पा रहा था. इसी बीच गांव के बुद्धिजीवियों और सम्मानित लोगों को दोनों के संबंध की जानकारी मिली.

ग्रामीणों ने मामले को समझदारी से सुलझाने के लिए दोनों परिवारों के बीच बातचीत शुरू करायी. कई दौर की बातचीत के बाद दोनों परिवार विवाह के लिए राजी हो गये. इसके बाद ग्रामीणों की मौजूदगी में मंदिर में दोनों का विवाह कराने का निर्णय लिया गया.

ग्रामीणों ने संभाली विवाह की पूरी जिम्मेदारी

इस विवाह में ग्रामीणों ने केवल मध्यस्थ की भूमिका नहीं निभायी, बल्कि विवाह की पूरी व्यवस्था भी अपने स्तर से संभाली. गांव के लोगों ने मिलकर वरमाला, विवाह का जोड़ा, पूजन सामग्री सहित अन्य जरूरी सामान की व्यवस्था की. मंदिर परिसर को भी आकर्षक तरीके से सजाया गया.

सादगीपूर्ण माहौल में धार्मिक परंपराओं के अनुसार विवाह की सभी रस्में पूरी करायी गयीं. इस दौरान दोनों परिवारों के सदस्यों के साथ बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे.

परिजनों और ग्रामीणों ने नवविवाहित जोड़े को दिया आशीर्वाद

विवाह समारोह में युवती की मां, बहन सहित दोनों परिवारों के सदस्य और गांव के कई गणमान्य लोग मौजूद रहे. शादी के बाद नवविवाहित जोड़े ने माता-पिता, बुजुर्गों और उपस्थित ग्रामीणों का आशीर्वाद लिया. सभी ने नवदंपती के सुखद, सफल और मंगलमय वैवाहिक जीवन की कामना की.

प्रेम, विश्वास और सामाजिक एकता का दिया संदेश

प्रेमी युगल के विवाह की खबर आसपास के गांवों में तेजी से फैल गयी. चौक-चौराहों, बाजारों और गांव की गलियों में लोग इस पहल की चर्चा करते नजर आये. ग्रामीणों का कहना है कि परिवारों की सहमति और समाज की स्वीकृति के साथ संपन्न यह विवाह प्रेम, विश्वास और सामाजिक एकता का सकारात्मक संदेश देता है.

लोगों ने इसे नई पीढ़ी के लिए प्रेरणादायक उदाहरण बताते हुए ग्रामीणों की समझदारी और दोनों परिवारों के फैसले की सराहना की. ग्रामीणों का कहना है कि आपसी संवाद और समझदारी से सामाजिक मतभेदों को दूर कर सकारात्मक समाधान निकाला जा सकता है.

इसे भी पढ़ें: नीतीश कुमार की बहन ने कहा- भाई को 5 साल और मुख्यमंत्री रहना चाहिए था, निशांत की शादी पर भी बोलीं


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By रवींद्र गुप्ता

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >