Siwan News : बिहार बंद के दौरान हुई कथित पुलिस फायरिंग, माले नेताओं के घरों पर छापेमारी और गिरफ्तारियों के विरोध में सोमवार को भाकपा-माले ने जिले के विभिन्न प्रखंडों में जिला स्तरीय प्रतिवाद मार्च निकालकर सभा का आयोजन किया. इस दौरान कार्यकर्ताओं ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपनी मांगें उठाईं.
कई प्रखंडों में निकाला गया प्रतिवाद मार्च
भाकपा-माले के कार्यकर्ताओं ने नौतन, मैरवा, गुठनी, दरौली, जीरादेई, आंदर, रघुनाथपुर, सिसवन, हसनपुरा, हुसैनगंज और दरौंदा समेत कई प्रखंडों में प्रतिवाद मार्च निकाला. प्रदर्शन के दौरान विभिन्न स्थानों पर सभा आयोजित कर पुलिस कार्रवाई के खिलाफ विरोध जताया गया.
पुलिस फायरिंग को लेकर लगाए गंभीर आरोप
सभा को संबोधित करते हुए माले नेताओं ने आरोप लगाया कि बिहार बंद के दौरान प्रदर्शनकारियों पर पुलिस ने हत्या की नीयत से फायरिंग की, जिसमें तीन छात्र गंभीर रूप से घायल हुए हैं. उनका दावा है कि घायल छात्रों का इलाज पीएमसीएच में चल रहा है. नेताओं ने इस मामले में सीवान के पुलिस अधीक्षक को जिम्मेदार ठहराते हुए उन्हें तत्काल बर्खास्त करने की मांग की.
छापेमारी और गिरफ्तारियों पर उठाए सवाल
माले नेताओं ने पूर्व विधायक अमरजीत कुशवाहा सहित पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं के घरों पर हुई छापेमारी तथा गिरफ्तारियों को राजनीतिक दुर्भावना से प्रेरित कार्रवाई बताया. उनका आरोप है कि पूर्व विधायक के आवास से विश्वकर्मा कुशवाहा, अरुण राम, पवन कुशवाहा और विशाल यादव को गिरफ्तार किया गया, जबकि पुलिस ने एफआईआर में गिरफ्तारी का स्थान टाउन थाना क्षेत्र के आसपास दर्शाया है. नेताओं ने इस मामले में सीसीटीवी फुटेज सार्वजनिक करने की मांग की.
बिना शर्त रिहाई और निष्पक्ष जांच की मांग
सभा में सभी गिरफ्तार छात्रों और माले नेताओं को बिना शर्त रिहा करने, आगे किसी भी गिरफ्तारी पर रोक लगाने तथा पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की गई. नेताओं ने कहा कि दोषी अधिकारियों के खिलाफ भी उचित कार्रवाई की जानी चाहिए.
कई नेताओं ने किया कार्यक्रम का नेतृत्व
कार्यक्रम का नेतृत्व विभिन्न प्रखंडों में शिवजी, मुकेश, सुरेश राम, इंद्रजीत कुशवाहा, लाल बहादुर कुशवाहा, शिवनाथ राम, युगल किशोर ठाकुर, मंजू यादव, योगेंद्र यादव, मुन्ना गुप्ता, सत्येंद्र राम, उमेश प्रसाद, दयानंद प्रसाद, व्यास यादव, हृदयानंद यादव और रामायण यादव सहित अन्य नेताओं ने किया.
