सीवान में जाम नालियों से सड़क पर जलजमाव, चमड़ा मंडी और फतेपुर बाइपास में बढ़ी परेशानी

सीवान शहर में नालियों की नियमित सफाई न होने के कारण जलजमाव की समस्या विकराल रूप धारण कर चुकी है. कई इलाकों में सड़कों पर गंदा पानी जमा होने से आम जनजीवन अस्त-व्यस्त है. स्थानीय लोगों की शिकायत के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान न होने से लोगों में भारी रोष है.

waterlogging in Siwan: शहर में नालियों का नियमित रखरखाव नहीं होने और सफाई व्यवस्था चरमराने के कारण जगह-जगह जलजमाव की समस्या गंभीर होती जा रही है. कई इलाकों में नालियां गंदगी से बजबजा रही हैं और कचरे के कारण जाम हो चुकी हैं. नालियों का पानी सड़क पर बहने से राहगीरों और स्थानीय लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.

बारिश के दौरान स्थिति और खराब हो जाती है. सड़क पर पानी जमा होने के कारण कई जगह यह पता लगाना मुश्किल हो जाता है कि सड़क कहां है और नाली कहां. खुले नालों में गिरकर कई लोग घायल भी हो चुके हैं. स्थानीय लोगों का आरोप है कि बार-बार शिकायत के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया जा रहा है.

नालियों में कचरा डालने से बढ़ी समस्या

स्थानीय लोगों के अनुसार, नालियों की नियमित सफाई नहीं होने के कारण उनमें गंदगी जमा होती जा रही है. कई लोग घरों का कचरा भी नालियों में फेंक देते हैं. इससे नालियां जाम होने के साथ कई जगह क्षतिग्रस्त हो गई हैं.

नालियों की सफाई और मरम्मत नहीं होने से पानी की निकासी बाधित हो रही है. नतीजतन नाले का गंदा पानी सड़क पर बह रहा है. इससे सड़क पर फिसलन और कीचड़ की स्थिति बनी रहती है. बदबू के कारण आसपास रहने वाले लोगों को भी परेशानी हो रही है.

स्थानीय लोगों का कहना है कि इस समस्या को लेकर कई बार जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों से शिकायत की गई. कई जगह विरोध-प्रदर्शन भी किया गया, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका.

पी देवी मोड़ के पास महीनों से जमा है पानी

शहर के सीवान-छपरा मुख्य मार्ग पर पी देवी मोड़ और तरवारा मोड़ के बीच सड़क पर महीनों से जलजमाव की स्थिति बनी हुई है. लंबे समय से जमा पानी अब हरे रंग का हो गया है. इसमें मच्छर और अन्य कीड़े पनप रहे हैं, जिससे आसपास के दुकानदारों और स्थानीय लोगों में संक्रमण का डर बना हुआ है.

स्थानीय लोगों के अनुसार, नाला सड़क से ऊंचा और सड़क नीचे होने के कारण पानी की निकासी नहीं हो पा रही है. इस समस्या को लेकर कई बार पार्षद से शिकायत की गई, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं निकला है.

जहां जलजमाव है, वहां बसें भी रुकती हैं. प्रतिदिन सैकड़ों यात्री यहां बसों पर चढ़ते और उतरते हैं. जलजमाव के कारण यात्रियों को भी गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ता है. वहीं, आसपास के दुकानदारों को भी दुकान तक पहुंचने और ग्राहकों के आने-जाने में परेशानी होती है.

चमड़ा मंडी बाइपास पर वर्षों से बह रहा नाले का पानी

शहर के चमड़ा मंडी बाइपास मुख्य मार्ग पर पिछले कई वर्षों से नाले का पानी सड़क पर बह रहा है. व्यस्त मार्ग होने के कारण यहां दिनभर वाहनों और राहगीरों की आवाजाही रहती है. सड़क पर जलजमाव और कीचड़ के कारण लोगों का पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है.

नाले का गंदा पानी सड़क पर बहने के कारण कई जगह गड्ढे भी बन गए हैं. स्थानीय लोगों को मजबूरी में गंदे पानी और कीचड़ से होकर आवागमन करना पड़ रहा है. सड़क किनारे रहने वाले लोगों को घर से निकलने में भी परेशानी होती है.

स्थानीय लोगों ने बताया कि जलनिकासी की समस्या को लेकर कई बार अधिकारियों से शिकायत की गयी, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं हुआ. नाले के पानी के साथ कूड़ा-कचरा भी सड़क पर फैल रहा है. इससे पूरे इलाके में दुर्गंध की स्थिति बनी हुई है.

दुर्गंध से घरों की खिड़की-दरवाजे बंद रखने को मजबूर लोग

चमड़ा मंडी बाइपास पर जलजमाव और गंदगी के कारण आसपास के लोगों को दुर्गंध का सामना करना पड़ रहा है. स्थानीय लोगों का कहना है कि बदबू के कारण कई बार घरों की खिड़की और दरवाजे बंद रखने पड़ते हैं. लंबे समय से जमा गंदे पानी के कारण संक्रमण का खतरा भी बना हुआ है.

लोगों ने नगर परिषद और संबंधित अधिकारियों से नाले की सफाई कराने, जलनिकासी की व्यवस्था दुरुस्त करने और सड़क पर जमा पानी की समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की है.

फतेपुर बाइपास मोड़ पर जलजमाव से लोगों में आक्रोश

शहर के बीचों-बीच स्थित फतेपुर बाइपास मोड़ पर भी जलजमाव की समस्या गंभीर बनी हुई है. सड़क पर गंदा पानी जमा होने के कारण राहगीरों को आने-जाने में परेशानी हो रही है. लोगों को मजबूरी में गंदे पानी के बीच से होकर आवागमन करना पड़ रहा है.

जलजमाव का सबसे अधिक असर सड़क किनारे दुकान लगाने वाले दुकानदारों और फल विक्रेताओं पर पड़ा है. कई दुकानदार पानी के बीच खड़े होकर अपना व्यवसाय करने को मजबूर हैं. फल विक्रेताओं के ठेले के आसपास भी गंदा पानी जमा है, जिससे ग्राहकों को खरीदारी करने में परेशानी हो रही है.

स्थानीय लोगों का कहना है कि फतेपुर बाइपास मोड़ शहर का व्यस्त इलाका है. यहां दिनभर लोगों और वाहनों की आवाजाही होती है. इसके बावजूद जलनिकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने से बारिश के बाद सड़क पर पानी जमा हो जाता है.

जल्द समाधान नहीं हुआ तो बढ़ेगी परेशानी

स्थानीय लोगों के अनुसार, कई दिनों तक पानी जमा रहने से बदबू फैलने लगती है. इससे राहगीरों, दुकानदारों और आसपास रहने वाले लोगों को परेशानी हो रही है. लोगों ने नगर परिषद से जलनिकासी की समुचित व्यवस्था कराने और सड़क पर जमा पानी की तत्काल निकासी कराने की मांग की है.

लोगों का कहना है कि शहर में नालियों की नियमित सफाई, क्षतिग्रस्त नालियों की मरम्मत और जलनिकासी की व्यवस्था को दुरुस्त करने की जरूरत है. यदि समय रहते समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो बारिश के दिनों में स्थिति और गंभीर हो सकती है.

Also Read: जल्द नये रूप में दिखेगा सोनपुर, ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट और हरिहरनाथ कॉरिडोर बनेगा गेम चेंजर, मास्टर प्लान पर हुई बात


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By पंकज कुमार

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >