सीवान से अमर नाथ शर्मा की रिपोर्ट
Siwan Temple theft : सीवान जिला पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए अलग-अलग थाना क्षेत्रों के दो प्रसिद्ध मंदिरों में हुई चोरी की घटनाओं का महज कुछ ही घंटों के भीतर सफल खुलासा कर दिया है. पुलिस ने बड़हरिया और नगर थाना क्षेत्र से चोरी गई अष्टधातु की मूर्तियां व सोने के दो हार बरामद करते हुए एक महिला समेत तीन शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है. पुलिस अधीक्षक पूरन कुमार झा ने सोमवार को प्रेसवार्ता कर इन दोनों बड़ी सफलताओं की विस्तृत जानकारी दी.
महादेवा रोड से हुई चोरी में महिला समेत दो गिरफ्तार
नगर थाना क्षेत्र के महादेवा रोड स्थित कचहरी दुर्गा मंदिर से 28 जून की शाम माता दुर्गा की प्रतिमा से दो सोने के हार चोरी कर लिए गए थे. एसपी के निर्देश पर नगर थानाध्यक्ष अविनाश कुमार और जिला आसूचना इकाई की टीम ने सीसीटीवी फुटेज खंगालकर महज 4 घंटे के भीतर एक महिला समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. पकड़े गए आरोपियों में विकास कुमार (निवासी लखराव) और एक महिला शामिल है. पूछताछ में पता चला कि महिला ने ब्लेड से धागा काटकर हार उड़ाए थे, जिन्हें बेचने से पहले ही बरामद कर लिया गया.
बड़हरिया में 12 घंटे के अंदर अष्टधातु की मूर्ति व नाग बरामद
दूसरी घटना बड़हरिया थाना क्षेत्र के पकवलिया गांव की है. स्थानीय शिव मंदिर से 28 जून को अष्टधातु की हनुमानजी की मूर्ति, शिवजी का अष्टधातु का नाग और मंदिर का घंटा चोरी हो गया था. पुलिस ने यहां भी त्वरित कार्रवाई करते हुए तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर महज 12 घंटे के भीतर आरोपी को उस वक्त दबोच लिया, जब वह चोरी का सामान कबाड़ी की दुकान पर बेचने पहुंचा था. गिरफ्तार आरोपी की पहचान धनेश्वर महतो उर्फ धन्नु (36 वर्ष), निवासी चैनछपरा के रूप में हुई है. इस कार्रवाई में बड़हरिया थानाध्यक्ष छोटन कुमार और उनकी टीम की मुख्य भूमिका रही.
पकड़े गए आरोपियों का खंगाला जा रहा आपराधिक इतिहास
सोमवार को एसपी पूरन कुमार झा ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है. विकास कुमार के खिलाफ पूर्व में मुफ्फसिल और सोनपुर रेल थाना में मामले दर्ज हैं, वहीं गिरफ्तार महिला भी पहले नगर थाना क्षेत्र में चोरी के मामले में जेल जा चुकी है. पुलिस अब यह पता लगा रही है कि इस गिरोह में अन्य कौन से लोग शामिल हैं. एसपी ने साफ कहा कि मंदिरों और धार्मिक स्थलों की सुरक्षा को लेकर पुलिस विशेष सतर्क है और संवेदनशील इलाकों में नियमित गश्त व सीसीटीवी व्यवस्था को और मजबूत किया जाएगा.
