Siwan News: सीवान के बड़हरिया बाजार में लंबे समय से चली आ रही जाम की समस्या को दूर करने के लिए शनिवार से नया यातायात नियम लागू किया गया. नए नियम के तहत तरवारा और जामो की ओर से गोपालगंज एवं बरौली जाने वाले वाहनों को मुख्य बाजार होते हुए थाना चौक से गुजरना होगा. हालांकि, नियम लागू होने के पहले ही दिन बाजार में जाम की स्थिति बन गयी.
जामो चौक से थाना चौक तक लगी वाहनों की कतार
शनिवार की शाम करीब साढ़े चार बजे जामो चौक से थाना चौक के बीच वाहनों की लंबी कतार लग गयी. सड़क के दोनों ओर वाहन फंसने से कुछ देर के लिए यातायात व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो गयी. जाम के कारण राहगीरों और दुकानदारों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा.
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर खुलवाया जाम
जाम की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिसकर्मियों ने काफी मशक्कत करते हुए एक-एक कर वाहनों को निकलवाया, जिसके बाद यातायात व्यवस्था सामान्य हो सकी.
स्थानीय लोगों का कहना है कि बड़हरिया बाजार में जाम की समस्या लंबे समय से बनी हुई है. व्यस्त समय में अक्सर यहां वाहनों की लंबी कतार लग जाती है. लोगों के अनुसार केवल रूट में बदलाव से जाम की समस्या का स्थायी समाधान मुश्किल है. इसके लिए ट्रैफिक नियमों का सख्ती से पालन कराने, सड़क किनारे से अतिक्रमण हटाने और वाहनों की नियमित निगरानी की जरूरत है.
