सीवान के 17 निजी विद्यालयों का U-DISE कोड रद्द, अपार आईडी निर्माण में लापरवाही पर डीईओ की कार्रवाई

जिले के 17 निजी स्कूलों पर अपार आईडी निर्माण कार्य में लापरवाही बरतने के आरोप में बड़ी कार्रवाई हुई है. जिला शिक्षा पदाधिकारी ने इन स्कूलों का U-DISE कोड रद्द कर दिया है और प्रस्वीकृति रद्द करने का भी निर्देश दिया है.

APAR ID Generation: अपार आईडी निर्माण कार्य में लापरवाही बरतना जिले के 17 निजी विद्यालयों को भारी पड़ा है. निर्धारित लक्ष्य के विरुद्ध अपार आईडी निर्माण का 10 प्रतिशत से अधिक कार्य लंबित रहने तथा विभागीय निर्देशों की अवहेलना के मामले में जिला शिक्षा पदाधिकारी राघवेंद्र प्रताप सिंह ने इन विद्यालयों का U-DISE कोड तत्काल प्रभाव से रद्द कर दिया है. साथ ही संबंधित निजी विद्यालयों की प्रस्वीकृति रद्द करने तथा यू-डायस पोर्टल पर कोड बंद करने की कार्रवाई का निर्देश दिया गया है.

58 विद्यालयों को किया गया था चिह्नित

आदेश के अनुसार, 28 जुलाई को यू-डायस 2026-27 पोर्टल पर 100 से अधिक बच्चों का आंकड़ा तथा अपार आईडी निर्माण की शर्तें पूरी करने वाले 58 निजी विद्यालयों को चिह्नित किया गया था. इन विद्यालयों के संचालकों को 30 और 31 जुलाई को जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय में आयोजित बैठक में बुलाया गया था.

बैठक में शामिल नहीं होने अथवा अपार आईडी निर्माण कार्य नहीं करने वाले 45 विद्यालयों से छह अगस्त को स्पष्टीकरण मांगा गया था. कुछ विद्यालयों ने स्पष्टीकरण में कार्य पूरा करने के लिए अतिरिक्त समय की मांग की थी.

अंतिम स्मार के बाद भी लंबित रहा काम

इसके बाद नौ सितंबर को निर्धारित लक्ष्य के विरुद्ध 20 प्रतिशत से अधिक कार्य लंबित रखने वाले 26 विद्यालयों को अंतिम स्मार जारी किया गया. 15 सितंबर को यू-डायस पोर्टल के आंकड़ों की समीक्षा में इनमें से 17 विद्यालयों में अब भी 10 प्रतिशत से अधिक लक्ष्य लंबित पाया गया. विभाग ने इसे कार्य के प्रति घोर उदासीनता और निर्देशों की अवहेलना मानते हुए कार्रवाई की है.

इन विद्यालयों का U-DISE कोड हुआ रद्द

जिन निजी विद्यालयों का यू-डायस कोड रद्द किया गया है, उनमें बड़हरिया के यूनाइटेड इंटरनेशनल स्कूल, दरौली के ब्लू स्काई द स्कूल, दरौंदा के जीपी इंटरनेशनल स्कूल पसीवर, ज्ञान सरोवर पब्लिक स्कूल, बगौरा और आरएसी पब्लिक स्कूल, बगौरा, गुठनी के श्री राम नागीना मिश्रा शिक्षण संस्थान, डरैला शामिल हैं.

इसी तरह हुसैनगंज के आइडियल पब्लिक स्कूल, रियल पब्लिक स्कूल, छपिया बुजुर्ग, महाराजगंज के आरकेजी पब्लिक स्कूल, पचरुखी के सनराइज पब्लिक स्कूल और द एवरेस्ट पब्लिक स्कूल, पचरुखी तथा सीवान सदर के दून प्रेप स्कूल, भादा खुर्द, मेस्को पब्लिक स्कूल, एमएमएच कॉलोनी, अल फला इस्लामिक मॉडल स्कूल, विद्या भारती और सुफिया पब्लिक स्कूल, बाइपास रोड एसकेजी मिल का यू-डायस कोड रद्द किया गया है.

प्रस्वीकृति रद्द करने और पोर्टल से कोड बंद करने का निर्देश

जिला शिक्षा पदाधिकारी ने संबंधित प्रखंड शिक्षा पदाधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई का निर्देश दिया है. निजी विद्यालय प्रभारी को इन विद्यालयों की प्रस्वीकृति रद्द करने तथा एमआईएस प्रभारी को यू-डायस पोर्टल पर संबंधित कोड बंद करने के लिए निर्देशित किया गया है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By मनीष गिरि

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >