Shri Rudra Mahayagya:गोरेयाकोठी प्रखंड क्षेत्र के श्रीराम जानकी मंदिर दुधड़ा मठिया परिसर में नौ दिवसीय श्री रुद्र महायज्ञ का विधिवत शुभारंभ सोमवार को भव्य कलश यात्रा के साथ हुआ. यज्ञ का आयोजन 25 अगस्त तक किया जाएगा. कलश यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और ग्रामीणों ने हिस्सा लिया.
कलश यात्रा दुधड़ा मठिया से गाजे-बाजे के साथ शुरू हुई. यात्रा में हाथी, घोड़े सहित विभिन्न झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं. श्रद्धालु धार्मिक जयकारे लगाते हुए यात्रा में शामिल हुए. कलश यात्रा दुधड़ा से सिकटिया, नंदपुर, खवासपुर और बसवा होते हुए करीब आठ किलोमीटर की दूरी तय कर पुनः मठिया परिसर पहुंची. यहां श्रद्धालुओं ने विधिवत पूजा-अर्चना के बाद कलश स्थापित किया.
प्रतिदिन होगा धार्मिक अनुष्ठान
आयोजन समिति के सदस्यों ने बताया कि नौ दिवसीय श्री रुद्र महायज्ञ के दौरान प्रतिदिन धार्मिक अनुष्ठान और पूजा-पाठ का आयोजन किया जाएगा. इसके साथ ही श्रद्धालुओं के लिए प्रतिदिन रामलीला का मंचन भी होगा. रामलीला को लेकर ग्रामीणों और आसपास के लोगों में विशेष उत्साह है.
भक्तिमय हुआ क्षेत्र का माहौल
आयोजकों ने श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में यज्ञ स्थल पर पहुंचकर धार्मिक अनुष्ठान में शामिल होने और रामलीला का आनंद लेने की अपील की है. महायज्ञ को लेकर पूरे क्षेत्र में भक्तिमय वातावरण बना हुआ है.
इसे भी पढ़ें:सावन की तीसरी सोमवारी पर बाबा हरिहरनाथ पर हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा, लखीसराय हादसे के बाद सुरक्षा कड़ी
