Siwan News: स्वास्थ्य विभाग के मानकों की अनदेखी कर अवैध रूप से संचालित निजी अस्पतालों और जांच घरों के खिलाफ मैरवा प्रशासन ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई की. अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) आशुतोष गुप्ता के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मैरवा क्षेत्र के करीब 14 निजी अस्पतालों और जांच केंद्रों का औचक निरीक्षण किया. छापेमारी की सूचना मिलते ही कई अस्पताल संचालकों में हड़कंप मच गया और कुछ संस्थानों के संचालक ताला बंद कर मौके से फरार हो गए.
स्वास्थ्य विभाग के मानकों की हुई जांच
निरीक्षण के दौरान प्रशासनिक टीम ने स्वास्थ्य विभाग के निर्देशों के अनुरूप संस्थानों के संचालन, पंजीकरण, आवश्यक दस्तावेज और अन्य मानकों की जांच की. इस दौरान साई हॉस्पिटल, वैष्णो हॉस्पिटल, सुगांती राज हॉस्पिटल और कृष्णा जांच घर सहित कई संस्थानों का निरीक्षण किया गया.
इन अस्पतालों और जांच केंद्रों की हुई जांच
छापेमारी अभियान के दौरान वैष्णवी हॉस्पिटल, आर्यन हॉस्पिटल, मनीषा हॉस्पिटल, मां विधा मंजू सेवा सदन, हीरा सर्जिकल हॉस्पिटल, अतुल क्लिनिक, एसबीडी हॉस्पिटल, त्रिलोकी हॉस्पिटल, कान्हा इमरजेंसी हेल्थ केयर, श्रीराम अल्ट्रासाउंड तथा बभनौली स्थित एक निजी क्लिनिक का भी औचक निरीक्षण किया गया.
वैध दस्तावेज नहीं मिलने पर एसडीओ ने लगाई फटकार
जांच के दौरान कई अस्पतालों और क्लीनिकों के पास पंजीकरण एवं अन्य आवश्यक वैध दस्तावेज उपलब्ध नहीं मिले. इसे गंभीर अनियमितता मानते हुए एसडीओ आशुतोष गुप्ता ने संबंधित संचालकों को कड़ी फटकार लगाई. उन्होंने सभी संस्थानों को शीघ्र आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने का निर्देश दिया.
दस्तावेज नहीं देने पर होगी सीलिंग की कार्रवाई
एसडीओ ने स्पष्ट चेतावनी दी कि जिन निजी अस्पतालों और जांच केंद्रों के संचालक निर्धारित समय के भीतर वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं करेंगे, उनके विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी. आवश्यकता पड़ने पर ऐसे संस्थानों को सील भी किया जा सकता है.
पुलिस बल के साथ चला अभियान
इस संयुक्त निरीक्षण अभियान में बीडीओ संदीप सौरभ, थानाध्यक्ष राहुल कुमार, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी तथा भारी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा. प्रशासन ने कहा कि अवैध रूप से संचालित अस्पतालों और जांच घरों के खिलाफ आगे भी इस तरह का अभियान जारी रहेगा.
Also Read : पितृपक्ष मेला की तैयारियों को लेकर किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं : नगर आयुक्त
