सीवान के स्कूलों में 'सुरक्षित शनिवार', बच्चों ने सीखे सड़क और रेल हादसों से बचाव के जरूरी नियम

सीवान के सरकारी स्कूलों में 'सुरक्षित शनिवार' का आयोजन कर बच्चों को सड़क और रेल सुरक्षा के गुर सिखाए गए. शिक्षकों ने तेज गति, मोबाइल के इस्तेमाल और पायदान पर लटककर यात्रा करने जैसी लापरवाही से बचाव के तरीके बताए.

Surakshit Shaniwar : सीवान में बच्चों के लिए सड़क पार करने से लेकर ट्रेन में सफर करने तक छोटी सी लापरवाही भी हादसे का कारण बन सकती है. इसी को ध्यान में रखते हुए पचरूखी प्रखंड के सरकारी विद्यालयों में शनिवार को मुख्यमंत्री विद्यालय सुरक्षा कार्यक्रम के तहत सुरक्षित शनिवार का आयोजन किया गया. इस दौरान विद्यार्थियों को सड़क और रेल दुर्घटनाओं के कारणों के साथ उनसे बचने के जरूरी उपायों की जानकारी दी गयी.

सड़क पर इन बातों का रखें ध्यान

प्राथमिक विद्यालय मझवलिया में शिक्षक राकेश कुमार सिंह ने विद्यार्थियों को बताया कि तेज गति, गलत तरीके से ओवरटेक करना, मोड़ और चौराहे पर गति नियंत्रित नहीं करना तथा वाहन चलाते समय मोबाइल का इस्तेमाल सड़क दुर्घटनाओं के प्रमुख कारण हैं.

उत्क्रमित मध्य विद्यालय घरथवलिया में जयप्रकाश सिंह ने पैदल यात्रियों को यातायात नियमों का पालन करने की सलाह दी. उन्होंने सड़क पर चलते समय मोबाइल और ईयरफोन का इस्तेमाल नहीं करने तथा सावधानी से सड़क पार करने की जानकारी दी.

सीवान में SI की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल, पोस्ट हटाने के बदले किया ब्लैकमेल, 50 हजार की रंगदारी मांगने का आरोप

मध्य विद्यालय में बताई गई बातें

मध्य विद्यालय प्रेमहाता में संजय सिंह और रीमा कुमारी ने विद्यार्थियों को वाहन में सफर के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों के बारे में बताया. पायदान पर लटककर यात्रा करने, शरीर का कोई अंग वाहन से बाहर निकालने और बस की छत पर सफर करने जैसी लापरवाही से बचने की जानकारी दी गयी.

मध्य विद्यालय सहलौर में मुर्तजा अली ने विद्यार्थियों को जेब्रा क्रॉसिंग का इस्तेमाल करने, सड़क पर नहीं खेलने और वाहन आते समय सड़क पार नहीं करने की सलाह दी.

रेल सफर में भी सावधानी जरूरी

मध्य विद्यालय नौरंगा में हरेकृष्ण सिंह ने रेल दुर्घटनाओं के कारणों की जानकारी दी. उन्होंने सिग्नल की अनदेखी, रेल लाइन में खराबी और रेलवे फाटक पर लापरवाही को दुर्घटना का कारण बताया.

नुरदीनपुर में अजय सिंह ने विद्यार्थियों को ट्रेन में चढ़ने और उतरने के दौरान सावधानी बरतने की जानकारी दी. उन्होंने बताया कि ट्रेन के पूरी तरह रुकने के बाद ही चढ़ना या उतरना चाहिए. इसके अलावा दरवाजे पर लटककर यात्रा नहीं करने और रेलवे फाटक सावधानी से पार करने की सलाह दी गयी.

कई विद्यालयों में हुआ कार्यक्रम

मध्य विद्यालय पचरूखी में सुदर्शन सिंह, सहलौर में आनंद देव साह, पोखरेड़ा में माधव सिंह, बड़का गांव में रामानंद सिंह, वर्तवलिया में अशोक सिंह, वर्तवलिया कन्या में सुनील सिंह, कोदई में रामेश्वर सिंह तथा उखई पश्चिम पट्टी में अजय कुमार के नेतृत्व में सुरक्षित शनिवार कार्यक्रम आयोजित किया गया.

मौके पर प्रशांत चंद्र, अजय शर्मा, साकेत सिंह, कमलेश सिंह, धर्मेंद्र सिंह, संगीता कुमारी समेत अन्य शिक्षक और विद्यार्थी उपस्थित थे. कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को रोजमर्रा की आवाजाही में सावधानी बरतने और यातायात नियमों का पालन करने के लिए जागरूक किया गया.

सीवान-छपरा से पटना का सफर होगा आसान? ZRUCC बैठक में सांसदों ने नई ट्रेन समेत रेल सुविधाओं की मांग

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By मनीष गिरि

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >