Siwan News: दरौंदा प्रखंड की रामसापुर पंचायत अंतर्गत रामसापुर गांव में ग्रामीणों और आसपास के श्रद्धालुओं के सामूहिक सहयोग से भव्य हनुमान मंदिर का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है. मंदिर निर्माण को लेकर पूरे गांव में उत्साह का माहौल है. ग्रामीण इसे आस्था, सेवा और सामाजिक एकता का प्रतीक मान रहे हैं.
मंदिर निर्माण अभियान में युवा नेता सुमित सिंह, जदयू नेता बंटी सिंह सहित कई सामाजिक कार्यकर्ता सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं. वहीं जनप्रतिनिधि, समाजसेवी, व्यवसायी और श्रद्धालु अपनी क्षमता के अनुसार आर्थिक सहयोग देकर इस धार्मिक कार्य को सफल बनाने में जुटे हैं. कई ग्रामीण श्रमदान कर मंदिर निर्माण में अपना योगदान दे रहे हैं.
धार्मिक और सांस्कृतिक केंद्र के रूप में विकसित होगा मंदिर
ग्रामीणों का कहना है कि यह हनुमान मंदिर केवल पूजा-अर्चना का स्थल नहीं होगा, बल्कि भविष्य में धार्मिक और सांस्कृतिक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बनेगा. गांव के रोहित कुमार, महेश राय, राजकुमार राय और अवधेश कुमार सहित अन्य ग्रामीणों ने बताया कि मंदिर निर्माण से रामसापुर गांव की अलग पहचान बनेगी. साथ ही नई पीढ़ी अपनी संस्कृति और धार्मिक परंपराओं से जुड़ सकेगी.
हर वर्ग के लोग कर रहे सहयोग
मंदिर निर्माण में समाज के हर वर्ग के लोगों की भागीदारी देखने को मिल रही है. कोई आर्थिक सहयोग कर रहा है तो कोई श्रमदान के माध्यम से अपनी जिम्मेदारी निभा रहा है. ग्रामीणों का मानना है कि सामूहिक प्रयास और जनसहयोग से यह अभियान पूरे क्षेत्र के लिए प्रेरणा बन गया है.
समय पर पूरा होगा मंदिर निर्माण : सुमित सिंह
युवा नेता सुमित सिंह ने श्रद्धालुओं से इस पुण्य कार्य में अधिक से अधिक सहयोग करने की अपील की. उन्होंने कहा कि सभी के सहयोग से मंदिर निर्माण कार्य समय पर पूरा कर इसे भव्य स्वरूप दिया जाएगा. उन्होंने कहा कि यह मंदिर आने वाली पीढ़ियों के लिए आस्था, संस्कृति और सामाजिक समरसता का केंद्र बनेगा.
