Siwan News : शनिवार को छात्र प्रदर्शन के दौरान हुई हिंसक झड़प में घायल एक युवक रविवार की सुबह शहर के किराये के कमरे में बेहोशी की हालत में मिला. उसकी पत्नी उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल लेकर पहुंची, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार शुरू किया. अस्पताल प्रशासन ने मामले की सूचना नगर थाना पुलिस को दे दी है.
पत्नी ने जेठ के फोन पर पहुंचकर देखा युवक बेहोश पड़ा था
घायल युवक की पहचान पचरुखी थाना क्षेत्र के पिपरा पंचायत अंतर्गत डिहिया गांव निवासी तामेश्वर प्रसाद केशरी के पुत्र चंदन कुमार केशरी के रूप में हुई है. वह शहर के साहेब बाजार-मिठ्ठा बाजार इलाके में किराये के कमरे में रहता है. घायल की पत्नी ने बताया कि पारिवारिक मतभेद के कारण वह अपनी दिव्यांग पुत्री के साथ गोपालगंज जिले के मीरगंज स्थित मायके में रहती है. शनिवार को उसके जेठ ने फोन कर बताया कि जेपी चौक के पास हुए पथराव के दौरान चंदन घायल हो गया है और किसी व्यक्ति ने उसे उसके कमरे तक पहुंचा दिया है.
बारिश के कारण नहीं पहुंच सकी, रविवार सुबह कराया भर्ती
महिला ने बताया कि शनिवार को लगातार बारिश होने के कारण वह सीवान नहीं आ सकी. रविवार सुबह जब वह पति के कमरे पर पहुंची तो दरवाजा खुला मिला और चंदन कमरे के अंदर बेहोशी की हालत में जमीन पर पड़ा था. इसके बाद स्थानीय लोगों की मदद से उसे तत्काल सदर अस्पताल पहुंचाकर भर्ती कराया गया.
पुलिस ने शुरू की जांच
सदर अस्पताल के चिकित्सकों ने युवक का इलाज शुरू कर दिया है. अस्पताल प्रशासन की सूचना पर नगर थाना पुलिस मामले की जांच में जुट गई है. पुलिस घटना से जुड़ी सभी परिस्थितियों की पड़ताल कर रही है. वहीं चिकित्सकों की निगरानी में घायल युवक का उपचार जारी है.
Also Read : शिव चर्चा के दौरान पोखर में डूबने से छह वर्षीय बच्ची की मौत, गांव में पसरा मातम
