Siwan News: गुठनी थाना क्षेत्र के तीर बलुआ गांव में पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर मंगलवार देर रात बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध देसी शराब की खेप बरामद की है. पुलिस ने मौके से 98 लीटर देसी शराब जब्त करते हुए दो कथित तस्करों को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार शराब नदी मार्ग से नाव के जरिए लाई जा रही थी.
नदी किनारे शराब उतारते समय पुलिस ने मारा छापा
जानकारी के अनुसार पुलिस को सूचना मिली थी कि तस्कर नाव के जरिए नदी मार्ग से शराब की खेप लेकर तीर बलुआ गांव पहुंच रहे हैं. सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने नदी किनारे घेराबंदी कर छापेमारी की. पुलिस की अचानक कार्रवाई से वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई.
98 लीटर देसी शराब के साथ दो गिरफ्तार
छापेमारी के दौरान पुलिस ने कुल 98 लीटर देसी शराब बरामद की. साथ ही तीर बलुआ गांव निवासी धर्मेंद्र साहनी और नगर पंचायत निवासी विकास कुमार को गिरफ्तार कर लिया. बरामद शराब को जब्त कर पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है.
तस्करी नेटवर्क की जांच जारी
थानाध्यक्ष सुनील कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई है. मामले की जांच जारी है और शराब तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.
दोनों आरोपित भेजे गए न्यायिक हिरासत में
पुलिस ने गिरफ्तार दोनों आरोपितों के विरुद्ध बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है. आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद दोनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया.
