Siwan News : सीवान जिले में विधि-व्यवस्था बनाए रखने और अपराध पर प्रभावी नियंत्रण के लिए पुलिस की ओर से सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है. पुलिस अधीक्षक भारत सोंनी के निर्देश पर जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में पुलिस टीमों ने बैंक, ग्राहक सेवा केंद्र, ज्वेलरी दुकानों, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और सार्वजनिक स्थानों की जांच की.
बैंक और ग्राहक सेवा केंद्रों की सुरक्षा व्यवस्था परखी
अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने विभिन्न बैंकों और ग्राहक सेवा केंद्रों का निरीक्षण किया. इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था, आने-जाने वाले लोगों और परिसर में मौजूद सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया गया. पुलिसकर्मियों ने बैंक कर्मियों को भी सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल सूचना पुलिस को देने की अपील की.
पुलिस की ओर से संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश भी दिये गये.
ज्वेलरी दुकानों और प्रतिष्ठानों की भी हुई जांच
पुलिस टीमों ने आभूषण दुकानों और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में भी सुरक्षा मानकों की पड़ताल की. दुकानदारों और कर्मचारियों को प्रतिष्ठान के आसपास होने वाली संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने को कहा गया.
पुलिस ने दुकानदारों से किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी तत्काल स्थानीय थाना पुलिस को देने की अपील की. सुरक्षा के लिहाज से प्रतिष्ठानों में उपलब्ध अन्य इंतजामों पर भी ध्यान दिया गया.
सड़क पर वाहनों की जांच, हेलमेट पर भी जोर
चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस ने सड़कों पर वाहन जांच भी की. दोपहिया वाहनों को रोककर चालकों के दस्तावेजों की जांच की गयी. इसके साथ ही हेलमेट समेत अन्य यातायात नियमों के पालन की भी पड़ताल की गयी.
पुलिस ने वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने और सुरक्षित तरीके से वाहन चलाने की अपील की. जांच के दौरान पुलिसकर्मियों ने वाहन चालकों को आवश्यक सुरक्षा मानकों के प्रति भी जागरूक किया.
अपराध पर नियंत्रण के साथ सुरक्षा का माहौल बनाने पर जोर
पुलिस के अनुसार जिले में चलाये जा रहे इस अभियान का उद्देश्य अपराध और अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लगाना है. इसके साथ ही बैंक, ज्वेलरी दुकान, व्यावसायिक प्रतिष्ठान और सार्वजनिक स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करना भी अभियान का हिस्सा है.
पुलिस की ओर से संवेदनशील स्थानों और प्रमुख प्रतिष्ठानों पर निगरानी बढ़ायी जा रही है. अधिकारियों ने कहा है कि जिले में विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए चेकिंग और निगरानी का यह अभियान आगे भी जारी रहेगा.
